HomeHindi Newsमहाकुंभ में डुबकी लगाएं तो न घबराएं.. श्रद्धालुओं को डूबने से बचाने...

महाकुंभ में डुबकी लगाएं तो न घबराएं.. श्रद्धालुओं को डूबने से बचाने तैनात होगा रोबोट

महाकुंभ में डुबकी लगाने का सपना सभी का होता है। सभी इस पुण्य लाभ के लिए आतुर नजर आते हैं। प्रयागराज में 13 जनवरी 2025 से यही अवसर आ रहा है, जब देश-विदेश से करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु संगमनगरी आएंगे। भारी भीड़ के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा उप्र सरकार और पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। यही वजह है कि ज्यादा से ज्यादा आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जाता है कि महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं को डूबने से बचाने के लिए इस बार रोबोट तैनात किया जाएगा। इसका प्रस्ताव मेला एसएसपी की ओर से शासन को भेजा गया है।

स्नान के लिए रहती है लाखों की भीड़

महाकुंभ के दौरान संगम के घाटों पर लाखों स्नानार्थियों की भीड़ होती है। कई बार डुबकी लगाते समय श्रद्धालु गहरे पानी में डूबने लगते हैं। भीड़ अधिक होने की वजह से जल पुलिस के लिए डूबते व्यक्ति को बचाना काफी मुश्किल होता है। अब ऐसे में रोबोट काफी कारगर हो सकता है।

ऐसे काम करेगा रोबोट

यदि कोई भी श्रद्धालु स्नान करने के दौरान डूबने लगेगा तो यह रोबोट पानी में जाकर उस व्यक्ति को सहारा देकर ऊपर उठाए रहेगा, जिससे उसे सांस लेने में दिक्कत नहीं होगी। इसके बाद जल पुलिस बोट की मदद से उस व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लेगी। इस रोबोट का उपयोग समुद्री जहाजों को दिशा-निर्देश देने के लिए भी किया जाता है।

पानी में बनेगा स्टेशन, रिमोट से होगा कंट्रोल

रोबोट के लिए पानी में एक स्टेशन बनाकर इसे कंट्रोल करने के लिए एक ऑपरेटर नियुक्त किया जाएगा। वह रिमोट से इस रोबोट को नियंत्रित करेगा। रोबोट का वजन करीब 12 किग्रा होगा। इसे 500 मीटर की दूरी से कंट्रोल किया जा सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments