नागपुर में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आरएसएस कार्यालय में महानगर संघचालक राजेश लोया ने तिरंगा फहराया। भिवंडी में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और बेंगलुरु में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। श्रीनगर के लाल चौक में पर्यटक अरुण कुमार ने अपने शरीर पर तिरंगे के रंग का पेंट लगाकर तिरंगा फहराया। दिल्ली मे केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
विकास की ओर बढ़ रहा जम्मू-कश्मीर
उन्होंने कहा कि मैं यहां 2022 से आ रहा हूं और मुझे यहां बहुत प्यार मिलता है। माहौल बहुत अच्छा है। जम्मू-कश्मीर विकास की ओर बढ़ रहा है। मैं लोगों से अपील करूंगा कि जम्मू-कश्मीर आइए। गौरतलब है कि जब से यहां से अनुच्छेद 370 हटाई गई है, तब से शांति है और विकास हो रहा है। पहले यहां गोलियों की आवाज गूंजती थी और पाकिस्तान का झंडा लहराता था।
भारत लोकतंत्र की जननी है :शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। भारत लोकतंत्र की जननी है, अनादिकाल से यहां गणराज्य रहे हैं और गणतंत्र, जनतंत्र का उदय हुआ है। जब संविधान निर्माताओं ने संविधान बनाया था, तब उनकी कल्पना यह थी कि 5 साल में एक बार चुनाव होंगे और लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ ही होते थे। लेकिन बाद में परिस्थितियां ऐसी बनी कि चुनाव अलग-अलग होने लगे। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि हर 6 महीने में चुनाव हो ही जाते हैं। इसलिए जरूरत है कि देश में लोकसभा व विधानसभा के चुनाव एक साथ हों।