फिल्म अभिनेत्री रहीं ममता कुलकर्णी इन दिनों मीडिया की सुर्खियों में हैं। हाल ही में 24 जनवरी को उन्हें किन्नर अखाड़े की ओर से महामंडलेश्वर के पदवी दी गई थी। जब बवाल मचा और आपत्तियां आईं तो उन्हें इस पद से हटा दिया गया। आरोप लगे कि महामंडलेश्वर बनने के लिए ममता ने 10 करोड़ रुपये दिए थे। अब खुद ममता ने इस पर चुप्पी तोड़ी है। वे टीवी कार्यक्रम आप की अदालत में आई थीं। उनसे सवाल पूछा गया कि उन्होंने किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनने के लिए 10 करोड़ रुपये दिए थे। इस पर ममता ने जवाब दिया कि उनके पास तो एक करोड़ रुपये तक नहीं हैं।
सारे बैंक अकाउंट सील, 2 लाख उधार लिए थे
ममता कुलकर्णी ने जवाब दिया कि उनके जितने भी बैंक अकाउंट हैं, वो सारे सरकार ने सीज कर दिए हैं। उनके खाते में तो 1 करोड़ रुपये भी नहीं हैं। गुरु भेंट देने के लिए भी उन्होंने दो लाख रुपये उधार लिए थे। ममता ने बताया कि मुंबई में उनके तीन अपार्टमेंट हैं, पर वह बाहर विदेश में रह रही थीं। लंबे समय से उनके अपार्टमेंट में कोई नहीं गया, तो वह खराब हो गए हैं।
शाहरूख के साथ की थी फिल्म
ममता ने 90 के दशक में फिल्मों में एंट्री की थी। पहली फिल्म शाहरुख खान के साथ थी। उन्होंने अपनी एक्टिंग के साथ खूबसूरती और डिंपल वाली स्माइल से सबका दिल जीत लिया था। दो दशक में उन्होंने 38 से ज्यादा फिल्में कीं और फिर करियर के पीक पर फिल्में छोड़ दीं। वे शादी करके विदेश में बस गई। हाल ही में वे मुंबई लौटी हैं।