Sunday, July 7, 2024
HomeHindi Newsकाशी में शराबखोरी, राममंदिर पर ये बोले राहुल गांधी.. BJP को मिला...

काशी में शराबखोरी, राममंदिर पर ये बोले राहुल गांधी.. BJP को मिला मुद्दा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों उप्र में है। जब वे अमेठी पहुंचे तो उन्होंने एक विवादित बयान दे दिया। राहुल गांधी ने कहा कि मैं वाराणसी गया और मैंने देखा कि रात को बाजा बज रहा है। वहां पर शराब पिए सडक़ पर लेटे हुए लोग बाजा बजा रहे हैं। उत्तर प्रदेश का भविष्य रात को शराब पीकर नाच रहा है। दूसरी तरफ राम मंदिर है जिसमें पीएम मोदी दिखेंगे, अंबानी दिखेंगे। आपको हिंदुस्तान के सभी अरबपति दिखेंगे लेकिन एक भी पिछड़ा या दलित व्यक्ति नहीं दिखेगा।
राहुल गांधी के मन में उत्तर प्रदेश के लिए विषभरा है : स्मृति
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री और अमेठी सांसद स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी किस भ्रम की स्थिति में घूम रहे है, ये मैं नहीं जानती। लेकिन उन्हें कोई अधिकार नहीं कि काशी, काशीवासियों और यूपी के नौजवानों का अपमान करे। उत्तर प्रदेश की युवा पीढ़ी मेहनती है। उनसे हम माफी की अपेक्षा नहीं करते हैं। माफी वो मांगता है जिसमें शर्म हो और संस्कार हो जो कि राहुल गांधी में नहीं हैं। स्मृति ने कहा कि राहुल गांधी के मन में उत्तर प्रदेश के लिए विषभरा है ये उनके टिप्पणी से पता चलता है।
इसलिए अखिलेश काट रहे कन्नी : कौशल किशोर
केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि राहुल गांधी की तीन यात्रा एक साथ जुड़ गई है- भारत जोड़ो यात्रा, भारत जोड़ो न्याय यात्रा और विदेश यात्रा। जनता पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है, बल्कि वे कुछ ऐसा बोल जाते हैं जिससे लोग नाराज़ हो जाते हैं। अखिलेश यादव कभी इस यात्रा में शामिल नहीं होंगे क्योंकि उन्हें पता है कि अगर वे इसमें शामिल हुए तो उनका भी प्रभाव खत्म हो जाएगा।
जितनी निंदा की जाए कम है : ब्रजेश पाठक
राहुल गांधी के बयान पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह बहुत दुखद है, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उत्तर प्रदेश के युवाओं में बहुत ऊर्जा है और वे प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। युवाओं के संबंध में इस तरह की बयानबाजी निंदनीय है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments