छत्तीसगढ़ की विष्णु देव सरकार सुशासन की दिशा में कदम बढ़ा रही है। ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और शासकीय कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए सभी क्षेत्रों में आईटी का व्यापक इस्तेमाल शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 3 पोर्टल ई-ऑफिस प्रणाली, मुख्यमंत्री कार्यालय ऑनलाइन पोर्टल और स्वागतम पोर्टल का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि इस पहल से सुशासन के साथ शासकीय कामकाज में दक्षता और पारदर्शिता बढ़ेगी। मुख्यमंत्री साय ने मुख्य सचिव को सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने के निर्देश देने संबंधी फाइल का डिजिटल अनुमोदन कर ई-ऑफिस प्रणाली का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि सरकारी कामकाज में अधिक से अधिक पारदर्शिता लाने के लिए अधिकाधिक क्षेत्रों में आईटी का उपयोग किया जा रहा है, ताकि भ्रष्टाचार की गुंजाइश न रहे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही ये तीनों ऑनलाईन पोर्टल तैयार किए गए हैं।
भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन के संकल्प को पूरा करने की दिशा में ई-आफिस प्रणाली और स्वागतम पोर्टल का शुभारंभ महत्वपूर्ण कदम है। हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस और सरकारी काम में पारदर्शिता के उद्देश्य से सभी विभागों में आईटी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। डिजिटल गवर्नेंस को हर स्तर पर ले जाने के लिए काम कर रहे हंै। सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। आमजन की सुविधा के लिए एक साथ 3 ऑनलाइन प्रणाली का शुभारंभ किया है। तीनों पोर्टल सुशासन स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा। ई-ऑफिस प्रणाली से फाइलों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होगी और गलती की गुंजाइश कम होगी। फाइल किस स्तर पर है, इसकी भी ट्रेकिंग हो सकेगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, विधायक मोतीलाल साहू, गजेंद्र यादव, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
- ये मिलेगी सुविधा
- ई-आफिस प्रणाली में आफिस के दस्तावेज डिजिटल किये जाएंगे।
- दस्तावेज को एक आफिस से दूसरे आफिस भेजे जाने पर काफी समय लगता था, यह समय अब बच जाएगा।
- दस्तावेज में हेरफेर किये जाने की गुंजाइश समाप्त हो जाएगी। दस्तावेजों के खोने या गायब होने की दिक्कत नहीं रहेगी।
- डिजिटल माध्यम में दस्तावेज सुरक्षित रहेंगे। तय समय-सीमा पर फाइलों का निराकरण हो सकेगा।
- अधिकारियों के कामकाज की मॉनिटरिंग भी आसान हो सकेगी।
- शासकीय योजनाओं की जानकारी एक क्लिक पर लोगों को मिल सकेगी।
- छत्तीसगढ़ के कला संस्कृति इतिहास और अन्य विशेषताओं के बारे में लोग जान पाएंगे।
- छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और उसकी महत्वपूर्ण जानकारियां इस पोर्टल पर उपलब्ध होगी।