प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मैं छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। उनके पराक्रम और दूरदर्शी नेतृत्व ने स्वराज्य की नींव रखी। उन्होंने पीढिय़ों को साहस और न्याय के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वे हमें एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। मोदी ने कहा कि वे महापुरुष नहीं, बल्कि हमारे लिए देवतुल्य हैं। पीएम मोदी ने वीडियो पोस्ट कर शिवाजी महाराज के कृतित्वों को याद किया। वहीं पुणे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के साथ, जुन्नर के शिवनेरी किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती समारोह में शामिल हुए और नमन किया।
राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया था : भजनलाल शर्मा
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े और सीएम भजनलाल शर्मा ने शिवाजी महाराज की जयंती पर जयपुर के राजभवन में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मैं राजस्थान में रहने वाले मराठा समाज को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद देता हूं। छत्रपति शिवाजी ने राष्ट्र के लिए, देश के लिए अपने आप को समर्पित कर दिया। मैं उनको नमन करता हूं। सीएम ने कहा कि उनके जीवन से हमें सीखना चाहिए कि किस तरह उन्होंने देश के काम किया है। वे हमेशा हमारे प्रेरणास्रोत रहेंगे।
CM प्रमोद सावंत ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनकी 395वीं जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।