आईपीएल 2025 के मुकाबले अब धीरे-धीरे दिलचस्प मोड़ पर पहुंच रहे हैं। इसी के साथ प्लेऑफ में पहुंचने की जंग दिलचस्प होती जा रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अपने घर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा तो इससे अंक तालिका में वह दो पायदान लुढक़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि गुजरात की टीम चौथे स्थान पर ही है। पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स ही अब तक अविजित रही हैं। पंजाब की टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर है और दो मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हैं। पंजाब का नेट रन रेट +1.485 है। दिल्ली कैपिटल्स दो मैचों में दो जीत और चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट +1.320 है।
ऑरेंज कैप की दौड़ में पूरन आगे, नूर अहमद के पास पर्पल कैप
लखनऊ सुपर जाएंट्स के बल्लेबाज निकोलस पूरन ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे हैं। पूरन ने तीन मैचों में 219.76 के स्ट्राइक रेट से 189 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च निजी स्कोर 75 रन है। दूसरे स्थान पर गुजरात के साई सुदर्शन हैं, जिन्होंने 3 पारियों में 62 की औसत और 157.63 के स्ट्राइक रेट से 186 रन बनाए हैं। उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 74 रन है। तीसरे स्थान पर गुजरात के ही जोस बटलर हैं जिन्होंने तीन पारियों में 83 की औसत और 172.92 के स्ट्राइक रेट से 166 रन बनाए हैं। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर चौथे स्थान पर हैं और उन्होंने दो मैचों में 149 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 97 रन है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिनर नूर अहमद पर्पल कैप की दौड़ में फिलहाल सबसे आगे हैं। नूर ने 3 मैचों में 9 विकेट लिए हैं। दूसरे स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क हैं जिन्होंने 2 मैचों में 8 विकेट चटकाए हैं। उनके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के जोश हेजलवुड, गुजरात टाइटंस के आर साई किशोर, सीएसके के खलील अहमद और लखनऊ के शार्दुल ठाकुर हैं जिन्होंने छह-छह विकेट लिए हैं।