हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अंबाला में मतदान किया। उन्होंने कहा कि मैं हरियाणा की जनता से अनुरोध करूंगा कि मतदान जरूर करें। हरियाणा का मूड साफ दिख रहा है कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बन रही है। 10 साल में डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा में जबरदस्त काम किया है। कांग्रेस झूठ और लूट की राजनीति करती है। हरियाणा ने मन बना लिया है कि तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है। इससे पहले सीएम ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और गुरुद्वारा में मत्था टेका।
5 साल का भविष्य तय करेगा एक वोट : दुष्यंत
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और उचाना कलां सीट से जेजेपी के उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मैं हर नागरिक से अनुरोध करता हूं कि वे मतदान करें। यह लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है और इस सबसे बड़े पर्व में हर किसी का वोट महत्वपूर्ण है। आपके वोट की शक्ति देश को मजबूत बनाएगी। सभी हरियाणा वासियों से अपील करता हूं कि सभी घर से निकलकर वोट डालें। आपका एक-एक वोट हरियाणा का अगले 5 साल का भविष्य तय करेगा। मुझे विश्वास है कि हरियाणा की जनता पहले से भी ज्यादा संख्या में विधानसभा में हमारे साथियों को चुनकर भेजने का काम करेगी।
हम अपने सभी वादे पूरे करेंगे
पंचकूला विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चंद्र मोहन ने कहा कि निश्चित रूप से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी। मैं हरियाणा के मतदाताओं से अपील करूंगा कि हरियाणा की प्रगति और खुशहाली के लिए सरकार बदलनी जरूरी है। हमारी सरकार आने पर हम अपने सभी वादे पूरे करेंगे।”
हरियाणा के लोगों को भरोसा मोदी पर और भाजपा पर
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। भाजपा ने पारदर्शी और ईमानदार शासन दिया है। विकास और सुशासन देने वाली सरकार पहली बार हरियाणा के लोगों ने देखी है। पहले हरियाणा में रोज मंत्री जेल जाते थे। हरियाणा के लोगों को भरोसा मोदी पर भी है और भाजपा पर भी है। वहीं करनाल में वोट डालने के बाद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इस बार 2014 से भी ज्यादा सीटें हमें मिलेंगी। 50 से ज्यादा सीटें हम जीतेंगे।