Friday, July 5, 2024
HomeHindi Newsमां भारती का हिस्सा काटकर अलग कर दिया.. मोदी ने कांग्रेस पर...

मां भारती का हिस्सा काटकर अलग कर दिया.. मोदी ने कांग्रेस पर लगाया आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से चुनाव प्रचार का आगाज किया। उन्होंने रामायण के राम और भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल के समर्थन में सभा की। मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस का एक और देश विरोधी कृत्य देश के सामने आया है। श्रीलंका और तमिलनाडु के बीच भारत के तट पर कच्चाथीवू द्वीप है और यह द्वीप राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण है। जब देश आजाद हुआ तो यह द्वीप हमारे पास था और यह भारत का अभिन्न अंग था, लेकिन 4-5 दशक पहले कांग्रेस ने कहा कि यह द्वीप किसी काम का नहीं और मां भारती के एक हिस्से को काटकर भारत से अलग कर दिया।

बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे
मोदी ने कहा कि इन लोगों ने मिलकर एक इंडी गठबंधन बनाया है। इनको लगता है कि मोदी इनसे डर जाएगा, लेकिन मेरे लिए मेरा भारत मेरा परिवार है। आज बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे हैं, उन्हें जमानत नहीं मिल रही है इसलिए कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मैं भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रहा हूं तो इससे कुछ लोग बौखला गए हैं, वे अपना आपा खो बैठे हैं। मैं कहता हूं, मोदी का गारंटी कहती है- भ्रष्टाचार हटाओ। वे कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ, यह चुनाव इन दो खेमों की लड़ाई है।

विकसित भारत के लिए है चुनाव
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गई है। हम आने वाले 5 साल का रोडमैप बना रहे हैं। नई सरकार बनने के बाद पहले 100 दिनों में हमें कौन से बड़े फैसले लेने हैं, इस पर तेजी से काम चल रहा है। पिछले 10 वर्षों में आपने विकास का ट्रेलर देखा है, अभी हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है। 2024 का यह चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का नहीं है, कौन सांसद बने कौन नहीं इसका नहीं है, 2024 का चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है। 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाएगा। मोदी ने कहा कि मेरठ की यह धरती क्रांति और क्रांति वीरों की धरती है। इस धरती पर बाबा अवघड़ धाम का आशीर्वाद है। इस धरती ने चौधरी चरण सिंह जैसे महान सपूत देश को दिए हैं। हमारी सरकार को उन्हें भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments