बजट पर सत्ता पक्ष और विपक्ष की प्रतिक्रियाएं लगातार आ रही हैं। विपक्ष ने इसे निराशाजनक तो सत्तापक्ष ने विकसित भारत को आगे बढ़ाने वाला बताया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि बजट में मातृ शक्ति के आगे बढऩे की छाप है। कृषि विकास का आधार भी है। नौजवानों को आगे बढऩे के लिए खुला आसमान है, गरीबों के चेहरे पर लाने वाली मुस्कान भी है। यह रोजगार के सृजन के प्रति समर्पित बजट है। बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम शुरू करने का निर्णय सराहनीय है। 63,000 आदिवासी गांव इसमें कवर किए जाएंगे।
सिंहासन को बचाने के लिए बजट लाया
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह बजट बहुत निराशाजनक बजट है। अपने सिंहासन को बचाने के लिए यह बजट लाया गया है। किसानों के लिए हमारी एमएसपी को लेकर अपेक्षा थी वो इसमें नहीं है। रेल को लेकर जितनी दुर्घटनाएं हो रही हैं, रेलवे बजट भी काफी कमजोर बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, केरल में बाढ़ की स्थिति है, उसे लेकर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि पूरी तरह से निराशाजनक बजट है। गांव, खेती की अनदेखी की गई। बिहार और आंध्र प्रदेश के नेताओं को सोचना चाहिए कि इतने बड़े राज्यों के लिए जो छोटी घोषणाएं हुई हैं, वह अपर्याप्त है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कह कि यह जो अल्पमत की सरकार है, उसे बचाने का बजट है। इसमें लगभग पूरे देश की अनदेखी की गई है। अयोध्या, उत्तर प्रदेश की अनदेखी की गई है। यह कुर्सी बचाने का बजट है इसलिए दो राज्यों को प्राथमिकता दी गई है और बाकी राज्यों की अनदेखी की गई है। यह भाजपा को महंगा पड़ेगा।
बजट वास्तव में ऐतिहासिक बजट : सीएम साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह बजट वास्तव में ऐतिहासिक बजट है। इसमें कृषि और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नई क्रांति आएगी। जनजातीय उन्नत ग्राम योजना का शुभारंभ हुआ है जिससे जनजातीय समाज के 63 हजार गांव और 5 करोड़ लोगों को फायदा होगा। इससे छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्र में क्रांति आएगी। 1 करोड़ युवाओं के लिए इंटर्नशिप का प्रावधान किया गया है। इस बजट से गांव, गरीब, किसान, मजदूर का भला होने वाला है। भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस बजट में पूरे देश के नौजवानों को 1 करोड़ इंटर्नशिप में 5 हजार रुपए महीना एक साल तक मिलेंगे। पूरे देश में विकास का एक मॉडल बनाया गया है। निश्चित तौर पर यह बजट पूरे देश को बहुत तेजी से विकासित करने वाला बजट होगा।
शक्तिशाली भारत के निर्माण का बजट
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह बजट विकसित भारत की नींव रखने और वैभवशाली, गौरवशाली, समृद्ध और शक्तिशाली भारत के निर्माण का बजट है। यह बजट किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग के लोगों के कल्याण पर केंद्रित है। यह उनके जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन करेगा। अगर किसान की दृष्टि से देखें तो इसमें सभी पक्षों पर ध्यान दिया गया है।