भाजपा ने जब लोकसभा चुनाव जीता तो कुछ कसक रह गई और उसे पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने आए थे, तो चेहरे पर सिकन दिख रही थी। लेकिन अब जब हरियाणा में भाजपा को शानदार जीत मिली है, तो मोदी पूरी तरह से आक्रामक दिखाई दिए। उन्होंने कांग्रेस पर भडक़ते हुए कहा कि कांग्रेस, भारत के समाज को कमजोर करके, भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है। इसलिए वह अलग-अलग वर्गों को भडक़ा रहे हैं, लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। देश ने देखा कि कैसे किसानों को भडक़ाने का प्रयास हुआ, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया कि वे देश के साथ हैं, भाजपा के साथ हैं।
कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी
मोदी ने कहा कि जहां-जहां बीजेपी की सरकार बनती है, वहां की जनता बीजेपी को लंबे समय तक समर्थन देती है और दूसरी तरफ कांग्रेस की हालत कैसी है। कांग्रेस कब दोबारा शासन में आई थी? करीब 13 साल पहले 2011 में असम में उनकी सरकार दोबारा वापस आई थी। इसके बाद जितने चुनाव हुए उनमें जनता ने कांग्रेस को दोबारा मौका नहीं दिया। कांग्रेस को एक बार सत्ता से निकाल दिया तो दोबारा कांग्रेस वापस नहीं आई। देश के ज्यादातर राज्य के लोगों ने कांग्रेस के लिए प्रवेश निषेध यानि कि नो-एंट्री का बॉर्ड लगा दिया है। सरकार में न रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है।
जम्मू-कश्मीर के साथ हरियाणा में भी रचा इतिहास
मोदी ने कहा कि वोट प्रतिशत के हिसाब से देखें तो जम्मू-कश्मीर में जितनी भी पार्टियां चुनाव लड़ रही थीं, उनमें वोट शेयर के हिसाब से बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मोदी ने कहा कि हरियाणा में अब तक 13 चुनाव हुए हैं। इनमें से 10 चुनाव में हरियाणा के लोगों ने हर 5 साल के बाद सरकार बदली, लेकिन इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है, वो अभूतपूर्व है। पहली बार ऐसा हुआ है कि 5-5 साल के दो कार्यकाल पूरा करने वाली किसी सरकार को हरियाणा में फिर से मौका मिला है। जम्मू-कश्मीर में दशकों के इंतजार के बाद आखिरकार शांतिपूर्वक चुनाव हुए, वोटों की गिनती हुई। ये भारत के संविधान की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है।