हरियाणा में चुनावी तारीखों का ऐलान हो चुका है। ऐसे में दोनों पार्टियां चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा खड़ी की गई भर्ती रोको गैंग ने कोई भी भर्ती आई, उसे कोर्ट ले जाकर रोड़े अटकाने का कार्य किया। लेकिन हमने बिना खर्ची-बिना पर्ची के गरीब बच्चों को रोजगार दिया और 1.20 लाख युवाओं की नौकरियों को आजीवन सुरक्षित करने का कार्य किया। सीएम ने कहा कि 4 अक्टूबर के बाद कांग्रेस का मुखौटा उतर जाएगा।
गैंग के झांसे में नहीं आएंगे हमारे किसान
सीएम ने कहा कि सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने वाला देश का एकमात्र राज्य हरियाणा है, जिसने किसान का दाना-दाना खरीदने का संकल्प लिया है। इस ऐतिहासिक फैसले को लेकर धन्यवाद देने हमारे किसान भाई पधारे हैं। हरियाणा के किसानों का मुख्यमंत्री निवास पर खुले मन से स्वागत और अभिनंदन किया। अब हमारे किसान भाई बहकावे में आने वाले नहीं हैं। दो-दो रुपए का चेक देने वाले और जमीन लूट कर बिल्डरों को सौंपने वाले हुड्डा पिता-पुत्र और सीएलयू गैंग के झांसे में नहीं आएंगे हमारे किसान।
हमने 10000 फ्लैट दिए, भाजपा बुलडोजर चलवा दिया
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने फरीदाबाद में आयोजित भोजपुरी अवधी समाज प्रवासी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्र्रेस सरकार बनने पर प्रवासियों का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए प्रवासी कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा। कांग्रेस ने प्रवासियों को बसाया था, बीजेपी ने उजाड़ा है। प्रवासियों ने कड़ी मेहनत से हरियाणा के निर्माण में अपना सहयोग दिया है। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय प्रवासियों के इस योगदान का सम्मान करते हुए अनेक योजनाएं चलाई गई थीं और कामगारों को बसाने के लिए 10000 फ्लैट दिए गए थे, लेकिन भाजपा सरकार ने प्रवासियों के 10 हजार घरों पर बुलडोजर चलवा दिया।