भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज हरियाणा में मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कीं। उनके निशाने पर कांग्रेस रही और विरोधियों पर भी उन्होंने चुन-चुनकर हमले किए। हरियाणा के कैथल में उन्होंने कहा कि पहले हमें एक उदासीन मानसिकता घेरे हुई थी, लेकिन दस साल के अंदर इतना बड़ा अंतर आया है कि आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है। यह बदलता भारत है। एक समय था राजनीति धर्म-जाति, इलाके के नाम पर होती थी लेकिन अब सारा देश एक मंत्र के साथ चल पड़ा। करनाल में जेपी नड्डा ने कहा कि 10 साल पहले यही भारत भ्रष्टाचारी लोग चलाते थे, इसी भारत के बारे में टीका टिप्पणी होती थी। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को दुनिया इज्जत के साथ अग्रणी देशों में देखती है।
महिलाओं के सशक्तिकरण की चिंता की
हरियाणा के फऱीदाबाद में जेपी नड्डा ने महिला मोर्चा सम्मेलन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो अपनी नीतियां बनाईं, उस नीति में महिलाओं का सशक्तिकरण ज्यादा हो उसकी चिंता की। मोदी जी ने 10 करोड़ लोगों को उज्जवला योजना के तहत गैस का सिलेंडर दिया। इससे ये फर्क पड़ा कि महिलाओं को फेफड़ों में जो दिक्कत थी उसमें कमी आ गई है।