दिल्ली में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है। उत्तर भारत में अभी भी कुछ जगहों पर गर्मी का प्रकोप जारी है, लेकिन मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यूपी में मानसून की दस्तक हो चुकी है तो बिहार, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में भारी बारिश की उम्मीद है, जिससे तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
यूपी में मानसून की दस्तक
उत्तर प्रदेश में गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में मानसून की एंट्री होने की संभावना है। 16-17 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो सकता है और 18 से 20 जून के दौरान प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना है, जिससे तापमान में 5-7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। कुछ रिपोट्र्स में 15 जून को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और झोंकेदार हवा का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में मानसून की स्थिति
बिहार में भी मौसम तेजी से बदल रहा है और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार में आज से बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। 16 से 18 जून के बीच मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। 17 से 20 जून तक राज्य के कई हिस्सों में वर्षा की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
पंजाब और हरियाणा में बारिश का अपडेट
पंजाब और हरियाणा में जून के महीने में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, दिल्ली की तरह इन राज्यों में भी अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी हवाओं के प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटें पडऩे की संभावना है। हरियाणा में मानसून का प्रवेश सामान्यत: 28 जून से 3 जुलाई के बीच होता है, लेकिन इस साल यह थोड़ा पहले भी आ सकता है। वहीं, पंजाब में भी आने वाले दिनों में मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।