होली से पहले ही देश के अलग-अलग राज्यों में पारे का बढऩा शुरू हो गया है। महाराष्ट्र में कोंकण और विदर्भ और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चढ़ चुका है। गुजरात में लू की स्थिति है। भारतीय मौसम विभाग यानि आईएमडी ने मार्च की शुरुआत में हुई भीषण गर्मी से प्रभावित राज्यों में स्वास्थ्य जोखिम की चेतावनी जारी की है। गर्मी से होने वाली बीमारियों और हीटस्ट्रोक से गुजरात को रेड अलर्ट पर रखा गया है।
हीटवेव की यह है वजह
आईएमडी ने महाराष्ट्र और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने यहां के लोगों को गर्मी के संपर्क में आने से बचने और पर्याप्त रूप से हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी है। वहीं गुजरात में पिछले कुछ दिनों में कई शहरों में तापमान सामान्य से 6-7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। गुजरात और उसके आसपास के क्षेत्रों में चल रहा एक हाई प्रेशर सिस्टम हीटवेव के लिए जिम्मेदार है।
पारा 40 डिग्री के पार, लू भी चलने लगी
महाराष्ट्र के पुणे के लोहेगांव और कोरेगांव पार्क में बुधवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजगुरुनगर, शिरुर और धामधेरे सहित पुणे क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। राजस्थान में बुधवार को एक या दो स्थानों पर लू चली है। मुंबई सहित उत्तरी कोंकण के कुछ हिस्सों में भी इस सप्ताह की शुरुआत में लू चली। गुरुवार से भारत के कुछ हिस्सों में तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी।
गुजरात साबित हुआ सबसे गर्म राज्य
गुजरात देश का सबसे गर्म क्षेत्र बना हुआ है। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। राजकोट में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। अमरेली, सुरेन्द्रनगर और कांडला में क्रमश: +5.1 डिग्री, +6.2 डिग्री और +7.1 डिग्री के विचलन के साथ 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पोरबंदर में 40.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 7.6 डिग्री अधिक है। महाराष्ट्र का अकोला राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक) तक पहुँच गया है।चंद्रपुर में 40.6 डिग्री सेल्सियस (+3.4 डिग्री) तापमान दर्ज किया गया।