विपक्षी दल कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने आज ओडिशा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव “चोरी” किए गए, उसी तर्ज पर अब बिहार में भी आगामी चुनावों को “चोरी करने की कोशिश” की जा रही है। राहुल गांधी का यह बयान ओडिशा में “संविधान बचाओ” रैली के दौरान आया, जहां वह केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना कर रहे थे। राहुल गांधी ने कहा, BJP लगातार संविधान पर आक्रमण कर रही है। चुनाव चोरी करने के लिए चुनाव आयोग ने नई साजिश शुरू की है। चुनाव आयोग BJP का काम कर रहा है, अपना काम नहीं कर रहा है। महाराष्ट्र के लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच एक करोड़ नए वोटर आ गए, लेकिन अभी तक किसी को नहीं मालूम यह वोटर कौन थे और कहां से आए। हमने चुनाव आयोग से कई बार कहा कि- हमें वोटर लिस्ट दीजिए, वीडियो दीजिए, लेकिन चुनाव आयोग नहीं दे रहा। ये लोग बिहार का चुनाव भी चोरी करना चाहते हैं, पर हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे।
राहुल गांधी ने कहा, “आज देश में क्या हो रहा है, यह हम सब देख रहे हैं। महाराष्ट्र में पहले विधायकों को तोड़कर सरकार बनाई गई, फिर चुनाव चिन्ह को भी छीन लिया गया। यह चुनाव चोरी नहीं तो और क्या है? और अब वही कोशिश बिहार में की जा रही है।” उन्होंने हाल ही में बिहार के मधेपुरा में एक महिला के मतदाता पहचान पत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर छपने के विवाद का जिक्र करते हुए इसे “लोकतंत्र और चुनाव आयोग पर सीधा हमला” बताया।
उन्होंने आगे कहा, “एक तरफ भाजपा कहती है कि वे निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं, और दूसरी तरफ उनके ही मुख्यमंत्री की तस्वीर वोटर आईडी कार्ड पर छपती है। क्या यह कोई सामान्य गलती है? यह सुनियोजित तरीके से चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास है।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी दल हर हथकंडे अपनाकर सत्ता में बने रहना चाहते हैं, भले ही इसके लिए लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रक्रियाओं का हनन ही क्यों न करना पड़े।
कांग्रेस नेता ने जनता से अपील की कि वे इस तरह के प्रयासों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों और अपने मताधिकार का प्रयोग सावधानी से करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जनता के साथ मिलकर इन “चोरी” के प्रयासों को विफल करेगी। राहुल गांधी के इस बयान को ओडिशा और बिहार दोनों राज्यों में भाजपा को घेरने की कांग्रेस की व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।