More
    HomeHindi NewsChhattisgarh Newsजोहार तिरंगा में शामिल हुए सीएम साय.. भारत के लाखों वीर सपूतों...

    जोहार तिरंगा में शामिल हुए सीएम साय.. भारत के लाखों वीर सपूतों को किया याद

    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में इंडोर स्टेडियम में जोहार तिरंगा कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। संस्कृति विभाग के कार्यक्रम में देश के मशहूर गायक कैलाश खेर और साथियों ने देशभक्ति गीतों की सुरमयी प्रस्तुति दी। राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम और जान है हमारी तिरंगा गीत पर मुख्यमंत्री सहित उपस्थित लोगों ने देशभक्ति भाव से ओतप्रोत होकर सुर से सुर मिलाए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘जोहार तिरंगा‘ कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और छत्तीसगढ़ महतारी के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

    छत्तीसगढ़ में देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम हो रहे

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘जोहार तिरंगा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देश में तिरंगा सप्ताह मना रहे हैं, जो 9 अगस्त से शुरू हो चुका है और स्वंतत्रता दिवस 15 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभर और छत्तीसगढ़ में देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ के शासकीय, अशासकीय संस्थानों और गाँव-गाँव के स्तर पर तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा मेला जैसे अनेक आयोजन किए जा रहे हैं।

    हमारा तिरंगा हमें सहेज कर रखना है

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा फहराने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि भारत के लाखों वीर सपूतों की कुर्बानी के बाद हमें आजादी मिली और जो तिरंगा मिला, हमें इसे सहेज के रखना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के तहत पेड़ लगाने और संरक्षित करने का आव्हान किया। मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

    राष्ट्रीयता किसी भी देश के प्राण और आत्मा

    वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीयता किसी भी देश के प्राण और उसकी आत्मा होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से आजादी के जश्न के लिए स्वतंत्रता सप्ताह मनाने और हर घर तिरंगा की अपील की। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक किरण देव सिंह, राजेश मूणत, अनुज शर्मा, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments