More
    HomeHindi NewsHaryanaहरियाणा के रण में उतरे सीएम धामी ने दिए नारे.. अक्टूबर पांच-कांग्रेस...

    हरियाणा के रण में उतरे सीएम धामी ने दिए नारे.. अक्टूबर पांच-कांग्रेस साफ, हरियाणा है तैयार

    हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाएं गिनाईं तो कांग्रेस पर भी तीखे प्रहार किए। उन्होंने कई नारे गढक़र हरियाणा की जनता को रिझाने का प्रयास किया तो भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों पर जनता विश्वास रूपी मुहर लगाते हुए भाजपा को पुन: विजयी बनाने जा रही है।

    उत्थान के लिए समर्पित है सरकार

    सीएम धामी ने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान हेतु समर्पित होकर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा राज्य कार्मिकों की तरह निगमों, निकायों, प्राधिकरण आदि में कार्यरत कर्मियों को महंगाई भत्ते का लाभ देने का निर्णय लिया है, इस फैसले से लगभग 40 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा फिर डबल इंजन सरकार बनाकर विकास के पथ पर तेज गति से अग्रसर होगा।

    अक्टूबर पांच-कांग्रेस साफ

    पंचकूला के अभयपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ज्ञान चंद गुप्ता को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। बड़ी संख्या में आए युवाओं, मातृशक्ति व आमजन से मिले समर्थन व आशीर्वाद से हृदय अभिभूत है। उन्होंने कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी तब भ्रष्टाचार ही प्रदेश की पहचान बन गयी थी लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करते हुए पर्ची-खर्ची के तंत्र का अंत करते हुए प्रदेश के युवाओं को उनका हक दिलवाया।

    कांग्रेस का है काला इतिहास

    सीएम धामी ने कहा कि हरियाणा की जनता कांग्रेस का काला इतिहास भूली नहीं है। मुझे विश्वास है कि 2014 और 2019 की भांति ही इस चुनाव में भी देवतुल्य जनता वोट की चोट से कांग्रेस को सबक सिखाएगी और प्रदेश के सर्वांगीण विकास हेतु भाजपा को पूर्ण बहुमत से जिताएगी। कांग्रेस के समय में हरियाणा में योग्य युवाओं का हक मारा जाता था लेकिन भाजपा की सरकार ने यहां सरकारी नौकरियों में खर्ची-पर्ची की व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने पिछले 10 वर्षों में पारदर्शी व्यवस्था बनाते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आगामी 5 अक्टूबर को यहां की राष्ट्रवादी जनता राज्य के विकास के लिए भाजपा को चुनेगी।

    सशक्त हरियाणा के लिए भाजपा है जरूरी

    पिंजौर में आयोजित महिला सम्मेलन में प्रतिभाग कर नारी शक्ति से स्वर्णिम हरियाणा के लिए भाजपा प्रत्याशी शक्ति रानी शर्मा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिला सशक्तिकरण को सिर्फ वादों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि धरातल पर उतारा।वहीं विपक्ष ने हमेशा महिलाओं की सुरक्षा और प्रगति के मुद्दों पर सिर्फ राजनीति की है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि विकसित हरियाणा के लिए यहां की नारी शक्ति डबल इंजन सरकार के पक्ष में मतदान कर भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों पर अपनी मुहर लगाएगी।

    हरियाणा है तैयार, फिर से चुनने भाजपा सरकार !

    पिंजौर में उन्होंने उत्तराखण्ड के प्रवासी भाई-बहनों को सम्बोधित कर भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की। सीएम ने संवाद कार्यक्रम में उपस्थित समस्त सम्मानित जनों से मिले अपार स्नेह एवं समर्थन के लिए हृदयतल से आभार भी जताया।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments