बॉलीवुड और टीवी के जाने-माने अभिनेता मुकुल देव का 54 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। 23 मई को देर रात दिल्ली में उन्होंने अंतिम सांस ली। मुकुल देव के निधन की खबर से उनके प्रशंसक और फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार सदमे में हैं। मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। कई बॉलीवुड हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मुकुल देव पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उनके भाई और अभिनेता राहुल देव ने भी उनके निधन की पुष्टि की है और बताया कि परिवार इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है।
सलमान खान ने लिखा, याद आओगे भाई, अजय बोले-यकीन नहीं हो रहा
सलमान खान ने मुकुल देव के साथ जय हो में काम किया था। उन्होंने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, याद आओगे भाई। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले मुकुल। सलमान के इस भावुक संदेश से उनके प्रशंसकों की भी आंखें नम हो गईं। अभिनेता अजय देवगन ने मुकुल देव के साथ सन ऑफ सरदार में काम किया था। उन्होंने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अजय देवगन ने ट्वीट किया, मुकुल देव के निधन की खबर पर यकीन नहीं हो रहा। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
इन फिल्मों में किया
मुकुल देव ने अपने करियर में कई हिंदी, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में काम किया। उन्होंने द दस्तक (1996) से अपने करियर की शुरुआत की और सन ऑफ सरदार, आर राजकुमार, जय हो जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। उन्होंने टीवी धारावाहिकों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। उनके निधन से बॉलीवुड में एक खालीपन आ गया है। उनके साथी कलाकार और प्रशंसक उन्हें हमेशा उनकी दमदार एक्टिंग और विनम्र स्वभाव के लिए याद रखेंगे।


