दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अपना पहला बजट पेश कर दिया है। भाजपा ने इसे शानदार बताया है तो आप ने हवा-हवाई और झूठा करार दिया है। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जब दिल्ली का बजट पेश किया तो एक नई सोच और उमंग के साथ इसे लाया गया। जो संकल्प पत्र में कहा गया वह पूरा होगा। इसका एक बड़ा उदाहरण यह है कि हर महिला को प्रतिमाह 2500 रुपये मिलेंगे। इसे लेकर बजट में 5100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आप की सरकार में एससी बस्तियों के सुधार के लिए 65 करोड़ का बजट आवंटित किया गया था, लेकिन केवल 50 लाख का बजट उपयोग में लाया गया। जय भीम सीएम प्रतिभा विकास योजना के तहत पिछड़े समाज से आने वाले बच्चों के लिए कोचिंग सेंटर्स उपलब्ध करवाना और उन्हें भत्ता देने का उद्देश्य था। 70 करोड़ के बजट आवंटन पर शून्य उपयोगिता रही। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल उर्फ बर्बादी, भ्रष्टाचार, कट्टर बेईमानी।
गलत आंकड़े सामने आने का था डर
पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि पिछले 70 साल में हर बजट पेश होने से पहले इकोनॉमिक सर्वे पेश होने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार दिल्ली की बीजेपी सरकार ने इसे छुपा लिया। सरकार को डर था कि इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाएगा तो उनके हवा-हवाई बजट की पोल खुल जाएगी और गलत आंकड़े सामने आ जायेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी का जुमला और झूठ आया पूरे देश के सामने आ गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि 8 मार्च तक उन्हें 2500 रुपये मिलेंगे, लेकिन भाजपा ने यह वादा पूरा नहीं किया और पूरे देश के सामने यह साबित हो गया कि प्रधानमंत्री मोदी झूठ बोल रहे हैं। जब हमने सदन में सवाल पूछा तो बीजेपी जवाब देने को तैयार नहीं थी और सवाल पूछने पर हमारे विधायकों को बाहर निकाल दिया गया।


