उत्तर प्रदेश में भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव समारोह के लिए तैयारियां की गई हैं। दीपोत्सव समारोह के मद्देनजर लोक कलाकार पारंपरिक नृत्य करते हुए दिखे हैं। अयोध्या में आज सरयू नदी घाट पर 25 लाख दीये जलाकर दीपोत्सव का गवाह बनने के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि यह दीपोत्सव ऐतिहासिक है। हम सबके आराध्य श्रीरामलला 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अपने धाम में विराजमान हुए हैं। 500 वर्ष बाद धर्मधरा अयोध्याधाम में श्री रामलला की पावन जन्मभूमि पर बने उनके भव्य-दिव्य मंदिर में भी हजारों दीप प्रज्वलित होंगे। सीएम योगी ने अपील की कि आइए, इस महापर्व में सहभाग कर सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा का उत्सव मनाएं। भगवान श्री राम के आगमन पर श्री अयोध्या धाम के दीपों के साथ अपने घरों में भी आत्मीयता और समता का दीपक अवश्य प्रज्वलित करें।
योगी करेंगे भगवान राम का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या धाम आएंगे और आठवें दीपोत्सव में शामिल होंगे। वे दोपहर 2.40 बजे हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क के निकट बने हेलीपैड पर उतरेंगे। मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में लगी प्रदर्शनी व झांकियों का अवलोकन करेंगे। वह रामकथा पार्क के निकट हेलीपैड पर भरत मिलाप कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। हेलीपैड पर पुष्पक विमान से आए भगवान राम, लक्ष्मण व माता जानकी के स्वागत के साथ ही मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में भगवान राम का राज्याभिषेक करेंगे। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिले के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा आदि सम्मिलित होंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।


