सौर ऊर्जा अनुबंध रिश्वत मामले में गौतम अडानी और अन्य पर अमेरिकी अभियोजकों द्वारा आरोप लगाए जाने पर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि अब यह अमेरिका में बिल्कुल स्पष्ट और स्थापित हो चुका है कि गौतम अडानी ने भारतीय कानून और अमेरिकी कानून दोनों को तोड़ा है। अमेरिका में उन पर अभियोग लगाया गया है।
मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया तो अडानी क्यों बाहर
राहुल गांधी ने कहा कि मुझे आश्चर्य हो रहा है कि अडानी इस देश में स्वतंत्र रूप से क्यों घूम रहे हैं। मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया गया है। अडानी ने जाहिर तौर पर 2000 करोड़ रुपये का एक घोटाला किया है। संभवत: कई अन्य घोटाले भी किए हैं, लेकिन वे बेखौफ घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इस मुद्दे को बार-बार उठा रहे हैं। यह हमारी बात को सही साबित करता है। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अडानी को बचा रहे हैं और प्रधानमंत्री अडानी के साथ भ्रष्टाचार में शामिल हैं।