लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के अमेरिका में बयान पर भारत में सियासत गर्मा गई है। भाजपा नेताओं ने जहां उन पर सियासी तीर चलाए तो कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी जवाब दिया। आईए जानते हैं किसने क्या कहा।
असमंजस में थे राहुल : संबित पात्रा
भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि किसी ने राहुल गांधी से पूछा कि अगर इंडिया एलायंस है तो ए का मतलब क्या है। कुछ देर सोचने के बाद राहुल गांधी को याद आया कि इसका मतलब एलायंस है। राहुल गांधी ने जवाब देने से पहले कुछ देर सोचा क्योंकि वह असमंजस में थे कि ए का मतलब तुष्टिकरण, अपराध या अहंकार है। ए से अपराध आज बंगाल में टीएमसी का अपराध, ए से तुष्टिकरण, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का तुष्टीकरण और ए से कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का अहंकार, जो सीजेआई की संस्था को राजनीति में घसीटते हैं। उन्हें गणेश उत्सव को भी राजनीति में घसीटने का अहंकार है।
झूठा नैरेटिव क्रिएट करना हो गई आदत
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी की आदत बन गई है झूठा प्रचार करना और झूठा नैरेटिव क्रिएट करना। देश में कुछ भी बोलते हैं तो वो एक अलग विषय है, लेकिन विदेश में जाकर आप देश की आलोचना करते हो और देश की महत्वपूर्ण संस्थाएं की आलोचना करते हो। वे कहते हैं कि चुनाव ही ठीक नहीं हुआ तो चुनाव आयोग जैसी संस्था को वह चुनौती दे रहे हैं। वहीं पूरे संसार में भारतीय निर्वाचन आयोग की तारीफ होती है। ये देश उनके बयान को सहन करने वाला नहीं है।
नेहरू जी ने कहा था, ये आरक्षण गलत है
बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी ने आरक्षण को लेकर जो उनका राजनीतिक और पारिवारिक डीएनए है, उसी को प्रकट करने का काम विदेशी धरती पर किया है। राहुल गांधी ने अंबेडकर के आक्षरण को खत्म करने वाली बात की। नेहरू जी ने कहा था कि ये आरक्षण गलत है। राजीव गांधी ने तो ये कहा था कि जिसे आरक्षण मिलता है, वो मूर्ख होते हैं। फिर जब यूपीए की सरकार आई तो कांग्रेस पार्टी ने दुर्भावना के साथ आरक्षण को कैसे खत्म करके एक वोट बैंक को दिया जाए इसकी भी साजिश की।
240 पर अटक गए इसलिए टारगेट कर रहे : पायलट
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा का एक ही मुद्दा है, जब वे 400 की जगह 240 पर आकर अटक गए तो वे अब सिर्फ राहुल गांधी को टारगेट कर रहे हैं। विधानसभा के चुनाव चल रहे हैं और जनता का रुख कांग्रेस की ओर है, इसलिए भाजपा के अंदर चिंता है। इस देश में कई ऐसे लोग हैं जिन्हें सरकार की सहायता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जनता में गहरा असंतोष है।