लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका में हैं। वाशिंगटन डीसी में हुए एक कार्यक्रम में राहुल ने कहा कि 2024 के आम चुनाव स्वतंत्र नहीं हुए हैं, बल्कि बीजेपी ने इन्हें प्रभावित किया है। इस पर भाजपा भडक़ गई है। भाजपा नेताओं ने राहुल को हताश-निराश और अज्ञानी करार दिया है। गिरिराज ने तो उनकी देशभक्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमेरिका में यह बोले राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि चुनावों से पहले हम इस विचार पर जोर देते रहे कि संस्थाओं पर कब्ज़ा कर लिया गया है। आरएसएस ने शिक्षा प्रणाली पर कब्जा कर लिया है। मीडिया और जांच एजेंसियों पर भी कब्जा कर लिया है। राहुल ने कहा कि हम यह कहते रहे लेकिन लोगों को यह समझ में नहीं आ रहा था। मैंने संविधान को आगे रखना शुरू किया और जो कुछ भी कहा था, वह अचानक से फूट पड़ा। गरीब भारत, उत्पीडि़त भारत, जिसने यह समझ लिया कि अगर संविधान खत्म हो गया तो पूरा खेल खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों ने गहराई से समझ लिया कि यह संविधान की रक्षा करने वालों और इसे नष्ट करने वालों के बीच की लड़ाई है। जातिगत जनगणना का मुद्दा भी बड़ा हो गया। ये चीजें अचानक एक साथ आने लगीं और मुझे नहीं लगता कि निष्पक्ष चुनाव में भाजपा 246 के करीब थी। उनके पास बहुत बड़ा वित्तीय लाभ था और उन्होंने हमारे बैंक खाते बंद कर दिए थे। चुनाव आयोग वही कर रहा था जो बीजेपी चाहती थी। पूरा अभियान इस तरह से बनाया गया था कि नरेंद्र मोदी देशभर में अपना काम करें। जिन राज्यों में वे कमज़ोर थे, उन्हें उन राज्यों से अलग तरीके से डिज़ाइन किया था जहां वे मज़बूत थे। मैं इसे स्वतंत्र चुनाव के रूप में नहीं देखता और मैं इसे नियंत्रित चुनाव के रूप में देखता हूं।
अपनी हताशा विदेश में निकाल रहे
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब वे न सिर्फ सरकार बल्कि चुनाव आयोग पर भी सवाल उठा रहे हैं। दूसरे देश में जाकर अपने ही देश की आलोचना करना यह किसी देशभक्त का कार्य नहीं हो सकता। लगातार हार से हताश और निराश राहुल गांधी अपनी हताशा विदेश में निकाल रहे हैं। विपक्ष के नेता की भी जवाबदेही बनती है। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा निकाली, लेकिन वह भारत से नहीं जुड़े। यूपी के मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हमेशा एक परंपरा रही है कि देश के अंदर हम राजनीतिक कारणों से एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहते हैं लेकिन देश के बाहर चाहे विपक्ष का नेता हो या पक्ष का, उनके द्वारा सिर्फ देश की आवाज उठाने का काम होता है। राहुल गांधी इस नियम को तोड़ रहे हैं तो मैं समझता हूं कि यह राष्ट्रहित में नहीं है।
99 सीट पार नहीं कर पाए वो 300 सीट की बात कह रहे
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जो कांग्रेस आजादी के बाद से तुष्टीकरण राजनीति, सिखों का कत्लेआम किया और वे आज पाठ पढ़ा रहे है। कहावत है कि जो अज्ञानी ज्यादा होते हैं वह अपने ज्ञान का प्रदर्शन ज्यादा करते हैं यही राहुल गांधी भी हैं। जो तीसरी बार चुनाव में 99 सीट पार नहीं कर पाए, वे 300 सीट की बात कह रहे थे तो वह अब कहां गया। इनके प्रश्नों का जवाब देने का मतलब बिलो द बेल्ट अपने आपको से जाना है। भाजपा नेता जगदंबिका पाल ने कहा कि दुनिया में एक गैर जिम्मेदार नेता होंगे जो दुनिया में जाकर भारत की आलोचना कर रहे है।. आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था पांचवें स्थान पर आई है। भारत के बाहर जाकर भारत का अपमान करके आप देश को शर्मसार कर रहे हैं।