छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सपरिवार मुलाकात की। सीएम साय ने रक्षाबंधन व सावन सोमवार की बधाई व शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के संबंध में विभिन्न विषयों पर सारगर्भित चर्चा की। उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया एवं अन्य गणमान्य जन भी उपस्थित रहे। दोनों इससे पहले भी एक-दूसरे से मुलाकात करते रहे हैं।
बहनों से गुलजार हुआ सीएम निवास
छत्तीसगढ़ की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को एक अनूठे तरीके से व्यक्त किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के लिए विशेष रूप से राखियां बांधीं। प्रदेशभर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राखी बांधने बड़ी संख्या में आई बहनों से मुख्यमंत्री निवास गुलजार रहा। महिला समूह की सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार राज्य में महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। उनके इस समर्पण को देखते हुए हमने सोचा कि इस रक्षाबंधन पर अपनी भावनाओं को विशेष तरीके से व्यक्त किया जाए। हम उनके नेतृत्व पर विश्वास करते हैं और उन्हें अपना भाई मानते हैं।
‘थैंक यू विष्णु भैया‘ पर सीएम ने दी प्रतिक्रिया
महिलाओं ने मुख्यमंत्री का ‘थैंक यू विष्णु भैया‘ वाली राखी बांधकर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बहनों ने आज जो स्नेह दिया है, उससे अभिभूत हूं। प्रदेश के सभी बहनों की उम्मीदों पर खरा उतरने लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा। यह राखी केवल एक धागा ही नहीं, बल्कि उनके प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाती है। मुख्यमंत्री निवास में रक्षा बंधन के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में बड़ा मुकाम हासिल कर चुकी महिलाएं और बच्चियां पहुंची थीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिलाओं से कहा कि आप सभी की उपलब्धियां हमें गौरवांन्वित करती है। आप सभी अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र चुने और उसमें आगे बढ़ें।


