उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित सरस मेले में शिरकत की। उन्होंने उद्घाटन समारोह में शामिल होकर महिला उद्यमियों से संवाद किया और उनके अनुभवों को जाना। महिलाओं ने बताया कि उनका समूह 13 जनपदों में 33 नैनो पैकेजिंग यूनिट और 17 सरस केंद्र संचालित कर रहा है। सीएम ने यह जानकर खुशी जताई। महिलाओं ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी भी बताई।
सीएम ने डिजिटल पेमेंट कर खरीददारी भी की
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दौरान विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों का जायजा भी लिया और डिजिटल पेमेंट के माध्यम से खरीदारी भी की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि निश्चित रूप से आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने में सरस मेले अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहे हैं। ये मेले मातृशक्ति की कला और उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों को बाजार उपलब्ध करने का मंच है।

आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित सामग्री के विपणन के लिए 13 जनपदों में 33 नैनो पैकेजिंग यूनिट और 17 सरस केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। यह पहल न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि उन्हें अपने उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग और विपणन के अवसर भी प्रदान कर रही है। सीएम धामी ने कहा कि लखपति दीदी योजना के अंतर्गत उत्तराखण्ड की एक लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनने का गौरव प्राप्त हुआ है।
