Sunday, July 7, 2024
HomeHindi NewsChhattisgarh Newsछत्तीसगढ़ में मारे गए 29 नक्सली.. गृहमंत्री और सीएम का यह बड़ा...

छत्तीसगढ़ में मारे गए 29 नक्सली.. गृहमंत्री और सीएम का यह बड़ा दावा

छत्तीसगढ़ के कांकेर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कांकेर में मुठभेड़ में नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस को इन सभी नक्सलियों के शव भी मिल गए हैं। मुठभेड़ में 2 पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने इसे बड़ी कामयाबी बताया तो सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सली बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे। एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला ने कहा कि 29 नक्सली मारे गए हैं जिसमें से अब तक 3 नक्सलियों की शिनाख्त हो चुकी है। घटना में एक बीएसएफ इंस्पेक्टर और कांकेर पुलिस के एक कॉन्सटेबल घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांकेर के हापाटोला जंगल में नक्सली मुठभेड़ में 29 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

छोटे से क्षेत्र में सिमटा नक्सलवाद

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के ऑपरेशन में बड़ी संख्या में नक्सली मारे गए हैं। इस ऑपरेशन को अपनी जांबाज़ी से सफल बनाने वाले सभी सुरक्षाकर्मियों को बधाई देता हूं और जो वीर पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। शाह ने कहा कि नक्सलवाद विकास, शांति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम देश को नक्सलवाद के दंश से मुक्त करने के लिए संकल्पित हैं। सरकार की अफ़ेंसिव नीति और सुरक्षा बलों के प्रयासों के कारण नक्सलवाद सिमट कर एक छोटे से क्षेत्र में रह गया है। जल्द ही छत्तीसगढ़ और पूरा देश पूर्णत: नक्सल मुक्त होगा।

बस्तर को नक्सल मुक्त करेंगे

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस बार भी वे बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश में थे जिसे सीमा सुरक्षा बल के जवानों और पुलिस ने नाकाम कर दिया। हमारी सरकार ने माओवादी आतंकवाद से प्रभावित क्षेत्र में नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से विकास सुनिश्चित किया है। इस योजना के माध्यम से हम सरकार की सभी सुविधाओं को संवेदनशील क्षेत्र में एक-एक घर तक पहुंचाना चाहते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर को नक्सल मुक्त करने का संकल्प लिया है। बस्तर में शांति बहाली की दृष्टि से यह बड़ी सफलता है। रकार चाहती है कि वो लोग वार्ता के लिए तैयार हों और विकास की मुख्यधारा से जुड़ें।

घायल पुलिस कर्मियों से मिले डिप्टी सीएम

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती घायल जवानों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन सर्जिकल स्ट्राइक की तरह किया गया और 29 नक्सली मारे गए, कुछ नक्सली घायल भी हुए होंगे। दो जवान घायल हो गए थे और फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं। सरकार हर स्तर पर नक्सलियों से बातचीत के लिए तैयार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments