आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस दौरान उनका चेहरा मुरझाया हुआ था और हार की हताशा साफ देखी जा रही थी। केजरीवाल ने इस वीडियो संदेश में कहा कि जनता का जो भी फैसला है, उसे हम विनम्रता से स्वीकार करते हैं। भाजपा की जीत की बधाई देता हूं। जिस उम्मीद, आशा के साथ जनता ने उन्हें बहुमत दिया है, वे उन उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। 10 साल में हमने बहुत सारे काम किए हैं, चाहे वो शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो या अन्य मुद्दे। हम जिम्मेदार विपक्ष का जिम्मा निभाएंगे।
सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम सामाजिक कार्य, लोगों के सुख-दुख में काम आएंगे। हम सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए। हमें आगे भी जनता के सुख-दुख में काम आना है। मैं आप कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं कि उन्होंने बहुत शानदार चुनाव लड़ा और भाजपा के खिलाफ संघर्ष किया।
गुंडागर्दी के खिलाफ लड़ते रहेंग : सीएम आतिशी
सीएम आतिशी ने कहा कि हम गुंडागर्दी के खिलाफ लड़ते रहेंगे। गलत कामों का विरोध करेंगे, क्योंकि हम सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए हैं। कार्यकर्ताओं ने बढ़े मनोबल और संघर्ष के साथ काम किया है, मैं उन्हें भी बधाई देती हूं।