हरियाणा की भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक 2024 में महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से अयोग्य घोषित कर दिया गया। हालांकि डॉक्टरों की टीम ने पूरी रात प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इस बीच भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने फ्रांस के पेरिस में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। पीटी उषा ने कहा कि मैं विनेश फोगाट से मिली। वह ठीक हैं। वह थोड़ी निराश हैं। उनका वजन कम करने के लिए उनका सपोर्ट स्टाफ और हमारा पूरा स्टाफ उनके साथ था। वे अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे थे।अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं। मैं विश्व कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष से भी मिलने जा रही हूं।
भारतीय दल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताई पूरी दास्तां, बाल भी काटने पड़े थे
भारतीय दल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनशॉ पारदीवाला ने कहा कि शाम को सेमीफाइनल में भागीदारी के बाद विनेश का वजन अनुमत वजन से 2.7 किलोग्राम अधिक पाया गया। टीम और कोच ने अपनी सामान्य प्रक्रिया शुरू की और पसीना बहाने की पूरी प्रक्रिया शुरू कर दी। आमतौर पर इसके लिए कुछ समय की आवश्यकता होती है। लेकिन दुर्भाग्यवश, हमारे पास ज़्यादा समय नहीं था। हमारे पास सिर्फ 12 घंटे थे। तो पूरी रात हमारी पूरी टीम वजन कम करने की कोशिश में लगी रही, उसे स्टीम और सौना में रखा गया, व्यायाम कराने और जो भी चिकित्सकीय रूप से संभव था, वह किया गया। हमने उस वजन को कम करने की पूरी कोशिश की। जब उसे अब पसीना नहीं आ रहा था, तो हमें उसके बाल काटने जैसे कुछ कठोर कदम भी उठाने पड़े। अगर हमारे पास कुछ घंटे और होते तो हम 100 ग्राम वजन कम कर सकते थे, लेकिन हमारे पास वह समय नहीं था। वह शारीरिक और चिकित्सकीय रूप से बिल्कुल सामान्य है। हमने एहतियात के तौर पर उसका रक्त परीक्षण भी कराया है।
संसद में खेल मंत्री ने यह कहा
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने ससद में बताया कि विनेश फोगाट का वजन ज्यादा होने के कारण पेरिस ओलंपिक से बाहर होना पड़ा। वह 50 किलो वर्ग में खेल रही थीं। विनेश का वजन 50 किलो 100 ग्राम पाया गया, इसलिए उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। इस मामले को लेकर भारतीय ओलंपिक संघ ने अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती संघ से कड़ा विरोध दर्ज किया है। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा पेरिस में हैं,l। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बात की और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। सरकार ने विनेश फोगाट को उनकी आवश्यकता के अनुसार हर संभव सहायता प्रदान की है। उनके लिए निजी स्टाफ सहित हर सुविधा मुहैया कराई गई है।