हरियाणा के अंबाला में जनसभा करते हुए विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार, अडानी और अन्य पार्टियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का पहला कदम है, यहां बदलाव तो होगा लेकिन जब दिल्ली में सरकार आएगी तो मैं जानना चाहता हूं कि गरीबों की जेब में कितना पैसा जा रहा है और उनकी जेब से कितना पैसा निकल रहा है। मैं इसे छोडऩे वाला नहीं हूं। हरियाणा में चुनाव लड़ रही जितनी भी छोटी पार्टियां हैं, वे सभी भाजपा की पार्टी हैं। उनका रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में है। लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच है। यह विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ न्याय है, तो दूसरे तरफ अन्याय है। यह मोदी जी की सरकार नहीं है, बल्कि यह अडानी की सरकार है। हमें हरियाणा में अडानी जैसे लोगों की सरकार नहीं चाहिए। हमें हरियाणा में किसानों और गरीबों की सरकार चाहिए।
हरियाणा में हर तरफ हो रहा विकास : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भिवानी में कहा कि आपने हरियाणा में पिछले 10 वर्षों में देखा होगा कि डबल इंजन सरकार के कारण आज यहां कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, अच्छी सडक़ें बन गई हैं। योगी ने कहा कि कांग्रेस इस बार भी सत्ता में वापस नहीं आएगी।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुआना में दिखाया दम
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरियाणा के मुआना में आयोजित जनसभा को संबोधित करने से पूर्व सफीदों हेलीपैड पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व समर्पित कार्यकर्ताओं ने स्नेहपूर्ण स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आप सभी द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए हृदय की गहराइयों से आभार। सीएम ने सभा में कांग्रेस को निशाने पर लिया तो भाजपा के प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।