भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, आज वृन्दावन पहुंचे। उन्होंने वहां प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। विराट और अनुष्का को वृन्दावन के श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में देखा गया। इस दौरान दोनों ने महाराज जी से एकांत में बातचीत भी की। यह जोड़ा अक्सर आध्यात्मिक स्थलों का दौरा करता रहता है और प्रेमानंद जी महाराज के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा है। इससे पहले भी वे कई बार वृन्दावन आ चुके हैं। जब विराट आउट आफ फार्म थे, तब वे यहां आए थे। इसके बाद से उनका फार्म लौट आया।
तस्वीरें और वीडियो वायरल
विराट कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। उनके इस फैसले के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक उपस्थिति है। वृन्दावन में उनका और अनुष्का का प्रेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद लेना उनके आध्यात्मिक झुकाव को दर्शाता है। सोशल मीडिया पर विराट और अनुष्का की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें वे सादे लिबास में महाराज जी के साथ दिख रहे हैं। उनके प्रशंसकों ने उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा पर अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं। विराट और अनुष्का का यह कदम शांति और आध्यात्मिकता की ओर उनके विश्वास को दर्शाता है।