उत्तर प्रदेश में एक घटना ने सबको झकझोर दिया है। दरअसल कायमगंज के भगौतीपुर गांव में 18 और 15 साल की दो लड़कियां पेड़ पर लटकी हुई पाई गई हैं। फर्रुखाबाद एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि दोनों सहेलियां थीं। दोनों ने एक ही दुपट्टे में फांसी लगाई थी। पुलिस को प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा था कि लड़कियों ने खुद ही फांसी लगाई है। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद चीजें साफ हो जाएंगी। एसपी ने बताया कि हमने मौके से एक फोन और सिम बरामद की है। परिवार की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। जांच की जा रही है कि आखिर यह घटना क्यों हुई।
पिता ने कहा-हत्या कर किसी ने लटकाया
मृतक लड़कियों में से एक के पिता पप्पू ने बताया कि वे रात 9.30 बजे तक मेरे साथ मंदिर में थीं। हम सब वापस आ गए लेकिन वे फिर बाहर चली गईं और मैं सो गया। आधी रात को जब मैं उठा तो वे मुझे नहीं मिलीं। सुबह देखा तो दोनों एक ही दुपट्टे में लटकी हुई थीं। पिता का आरोप है कि उन्हें लगता है कि किसी ने दोनों लड़कियों की हत्या करने के बाद उन्हें लटकाया है। मुझे नहीं पता कि पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है।
ओपी बोले-चल रही कार्रवाई, कांग्रेस ने कह-अराजक माहौल
फर्रुखाबाद में 2 लड़कियों का शव पेड़ से लटके मिलने की घटना पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पुलिस पोस्टमार्टम करा रही है। रिपोर्ट के आधार पर जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि घटना घटित हो गई, उस घटना पर सरकार संज्ञान लेकर कार्रवाई में लगी है। वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल अपनी पीठ थपथपा रही है, लेकिन उनकी सरकार में अराजकता का माहौल है। वे सिर्फ राजनीतिक दृष्टिकोण से बुलडोजर चलवाते हैं। वे कानून व्यवस्था की स्थिति पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। वे सिर्फ अपने लोगों को बचाते हैं। इस वजह से उत्तर प्रदेश में अपराध बढ़ते जा रहे हैं।