More
    HomeHindi NewsEntertainmentToday's history : देश में लगाई इमरजेंसी हुई थी खत्म.. फिल्मफेयर की...

    Today’s history : देश में लगाई इमरजेंसी हुई थी खत्म.. फिल्मफेयर की हुई शुरुआत

    इतिहास के झरोखे में 21 मार्च की तारीख कई बड़ी घटनाओं की गवाह रही है। दरअसल 1977 में इसी दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में लागू आपातकाल को हटाने का ऐलान किया था। वर्ष 1975 में 25 जून की आधी रात को आपातकाल की घोषणा कर दी गई थी। तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने इंदिरा गांधी के अनुरोध पर धारा 352 के तहत देश में आपातकाल की घोषणा की थी। यह आजाद भारत का सबसे विवादास्पद दौर भी माना जाता है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने तो इसे भारतीय इतिहास की सबसे ‘काली अवधि’ की संज्ञा दी थी और इसके विरुद्ध आंदोलन छेड़ दिया था। आपातकाल के विरुद्ध देशभर में आक्रोश की लहर दिखाई दी। यही वजह है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को 1978 में सत्ता से बाहर होना पड़ा और खुद इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं।

    पांच श्रेणी के पुरस्कार रखे गए

    हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित फिल्मफेयर पुरस्कार की शुरुआत भी 21 मार्च के दिन ही हुई थी। पहले पुरस्कार वितरण समारोह में सिर्फ पांच श्रेणी के पुरस्कार रखे गए थे। इसमें फिल्म ‘दो बीघा जमीन’ ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीता। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार बिमल राय को दिया गया। दाग फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता दिलीप कुमार, बैजू बावरा के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री मीना कुमारी, सर्वश्रेष्ठ संगीत का पुरस्कार नौशाद को दिया गया। इस तरह फिल्मफेयर पुरस्कार भारतीय सिनेमा में सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक बन गया। यह पुरस्कार फिल्म निर्माताओं, अभिनेताओं, अभिनेत्रियों और अन्य फिल्म कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित करते हैं। फिल्मफेयर पुरस्कारों की शुरुआत भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक यादगार घटना है।

    ये हैं अन्य घटनाएं

    • 1413 में हेनरी पंचम को इंग्लैंड का राजा बनाया गया।
    • 1791 में ब्रिटिश सेना ने बेंगलुरू को टीपू सुल्तान से छीन लिया।
    • 1836 में कोलकाता में पहले सार्वजनिक पुस्तकालय की शुरुआत, अब इसका नाम ‘नेशनल लाइब्रेरी’ है।
    • 1857 में जापान की राजधानी तोक्यो में आए विनाशकारी भूकंप में लगभग एक लाख सात हजार लोगों की मौत हो गई।
    • 1858 में लखनऊ में अंग्रेजों के खिलाफ बगावत की मशाल जलाने वाले सिपाहियों ने आत्मसमर्पण किया।
    • 1916 में शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्ला खां का जन्म हुआ।
    • 1978 में बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी का जन्म हुआ।
    • 2006 में ट्विटर (अब एक्स) के सह संस्थापक जैक डोर्सी ने पहला सार्वजनिक ट्वीट भेजा, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘जस्ट सेटिंग अप माई ट्विटर।’
    • 2020 में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 283 पर पहुंची।
    • 2024 में निर्वाचन आयोग ने चुनावी बॉण्ड के नये आंकड़े सार्वजनिक किए।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments