देश-विदेश के इतिहास में 27 मार्च का दिन कई अच्छी बुरी घटनाओं के लिए दर्ज है। 1898 में 27 मार्च के दिन देश के मुसलमानों को आधुनिक शिक्षा के उजाले से रोशन करने वाले सर सैयद अहमद खान का निधन हुआ था। उर्दू साहित्य के ज्ञाता और कई भाषाओं के जानकार सर सैयद अहमद खान ने मोहम्मडन एंग्लो-ओरिएंटल कॉलेज की स्थापना की, जो बाद में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के रूप में विकसित हुआ। आज यह विश्वविद्यालय विश्च में मुस्लिम शिक्षा के प्रतिष्ठित स्तंभ के तौर पर जाना जाता है, जहां दुनियाभर से लोग पठन-पाठन और अध्ययन के लिए आते हैं। आज ही के दिन इंग्लैंड के शासक चाल्र्स द्वितीय ने बंबई (अब मुंबई) को ईस्ट इंडिया कंपनी के हवाले कर दिया था।
दहेज के रूप में मिली थी बंबई
इंग्लैंड के शासक चाल्र्स द्वितीय ने बंबई (अब मुंबई) को ईस्ट इंडिया कंपनी को सौंप दिया था। इस घटना का भारतीय इतिहास पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा। दरअसल 1661 में पुर्तगाल की राजकुमारी कैथरीन ऑफ ब्रैगांजा से चाल्र्स द्वितीय के विवाह के अवसर पर पुर्तगाल ने बंबई को दहेज के रूप में इंग्लैंड को सौंप दिया था। 27 मार्च 1668 को चाल्र्स द्वितीय ने बंबई को ईस्ट इंडिया कंपनी को 10 पाउंड के वार्षिक किराए पर सौंप दिया। इसका मुख्य कारण यह था कि इन टापुओं पर कम्युनिकेशन की बड़ी समस्या थी। ईस्ट इंडिया कंपनी ने बंबई को एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित किया। 1687 में ईस्ट इंडिया कंपनी ने अपना मुख्यालय सूरत से बंबई स्थानांतरित कर दिया, जिससे यह शहर और भी महत्वपूर्ण हो गया। ईस्ट इंडिया कंपनी का पहला बेस सूरत में था। उसकी तुलना में भारत के उत्तर-पश्चिमी तट पर स्थित बंबई ने कंपनी को कहीं अधिक सुरक्षित आधार प्रदान किया। ईस्ट इंडिया कंपनी के नियंत्रण में, बंबई एक प्रमुख बंदरगाह और व्यापारिक शहर के रूप में उभरा। 18वीं सदी में इसे आज वाले मुंबई की शक्ल देने का काम तेज़ी से हुआ। इस हस्तांतरण ने बंबई के विकास और भारतीय इतिहास में ईस्ट इंडिया कंपनी की भूमिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ये घटनाएं भी रहीं प्रमुख
- 47 ईसा पूर्व में क्लियोपेट्रा सप्तम थिया फिलोपेटर रोमन प्रेमी जूलियस सीजर की सहायता से मिस्र की गद्दी पर दोबारा आसीन हुई।
- 1855 में अब्राहम गेस्नर ने केरोसिन (मिट्टी के तेल) का पेटेंट लिया।
- 1898 में भारत के मुसलमानों के लिए आधुनिक शिक्षा की शुरूआत करने वाले सर सैयद अहमद खान का निधन हुआ।
- 1977 में स्पेन के कनेरी द्वीपों के मशहूर पर्यटन स्थल टेनेरीफ में दो जंबो जेट हवाई पट्टी पर ही टकरा गए, जिससे 583 लोगों की मौत हो गई।
- 1990 में पश्चिम बंगाल के निंपुरा में एक यात्री बस के एक पुल से टकराकर नीचे गिरने के दौरान बिजली की तारों में अटक जाने से हुए भीषण धमाके में 41 लोगों की करंट लगने से मौत और 21 अन्य बुरी तरह झुलसे।
- 1998 में अमेरिका के खाद्य और औषधि प्रशासन ने दवा बनाने वाली कंपनी फाइजर की दवा वियाग्रा को नपुंसकता के इलाज की दवा के तौर पर इस्तेमाल करने को मंजूरी दी।
- 2010 में भारत ने ओडिशा के चांदीपुर में परमाणु प्रौद्योगिकी से लैस प्रक्षेपास्त्र धनुष और पृथ्वी 2 का सफल परीक्षण किया।
- 2011 में जापान के फुकुशिमा में भूकंप के बाद क्षतिग्रस्त परमाणु ऊर्जा संयंत्र की एक इकाई में रेडियोधर्मी विकिरण सामान्य से एक करोड़ गुना अधिक पाया गया।
- 2022 में बहरीन में हिजाब पहने महिला को प्रवेश नहीं देने के आरोप में अदलिया शहर में स्थित भारतीय रेस्तरां ‘लैंटन्र्स’ को बंद किया गया।