पूरी दुनिया और भारत के राजनीतिक इतिहास में 6 अप्रैल 1980 का दिन एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जाता है। यही वो दिन है जब विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करने वाली भाजपा की स्थापना हुई थी। हालांकि शुरुआत में भाजपा को ज्यादा सफलता नहीं मिली। आजादी के बाद से कांग्रेस के वर्चस्व के कारण पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ा। 90 के दशक में जरूर राजनीति ने करवट बदली और राम मंदिर आंदोलन से भाजपा को संजीवनी मिल गई। तब करीब 90 सीटें जीतकर भाजपा ने दमखम दिखाया। 1995-96 से 2004 तक भाजपा ने केंद्र में सत्ता पाई। 2004 से 2014 तक उसे वनवास झेलना पड़ा। नरेंद्र मोदी के उभार के बाद भाजपा शक्तिशाली हो गई और कई राज्यों में सरकार होने के साथ ही केंद्र में हैट्रिक भी पूरी कर ली।
ओलंपिक खेलों का आगाज हुआ था
खेल जगत के लिए भी यह दिन खास है, क्योंकि 1896 में ओलंपितक खेलों का आगाज हुआ था। इसकी शुरुआत एथेंस शहर से हुई थी। ये ओलंपिक खेल लगभग 1500 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद दोबारा शुरू किए गए थे, जब रोमन सम्राट थियोडोसियस ने प्राचीन ओलंपिक पर रोक लगा दी थी।
जापान ने विशाखापत्तनम बंदरगाह पर किया था हमला
6 अप्रैल, 1942 को द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापानी विमानों ने भारत पर पहली बार बमबारी की थी। यह हमला विशाखापत्तनम (तब विजागापट्टनम) के बंदरगाह पर हुआ था। जापानी नौसेना के एक हल्के विमानवाहक पोत से आए विमानों ने विशाखापत्तनम के बंदरगाह पर हमला किया। उन्होंने टेलीफोन एक्सचेंज, बिजलीघर और बंदरगाह पर खड़े जहाजों को निशाना बनाया। एक बम बंदरगाह कार्यशाला के पास एक बंकर पर गिरा, जिससे आठ लोगों की जान चली गई। बंदरगाह को भी कुछ नुकसान हुआ। इस अप्रत्याशित हमले से शहर में दहशत फैल गई। ब्रिटिश सेना से सुरक्षा की कोई उम्मीद न देखकर शहर की लगभग दो-तिहाई आबादी अगले दिन सूर्योदय से पहले ही गांवों की ओर पलायन कर गई। बमबारी के बाद, आंध्र विश्वविद्यालय को 16 अप्रैल, 1942 को बंद कर दिया गया और बाद में इसे युद्ध समाप्त होने तक गुंटूर और मद्रास स्थानांतरित कर दिया गया। हालांकि इस बमबारी से कोई बड़ा रणनीतिक नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इसने भारत में युद्ध की वास्तविकता को सामने ला दिया और पूर्वी तट पर भय का माहौल पैदा कर दिया। यह घटना द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत पर हुए कुछ जापानी हवाई हमलों में से पहली थी। बाद में कोलकाता और अन्य शहरों पर भी बमबारी हुई। इन हमलों का उद्देश्य मित्र राष्ट्रों की आपूर्ति लाइनों को बाधित करना और क्षेत्र में उनकी गतिविधियों को कमजोर करना था।
खुसरो का विद्रोह दबाया
मुगल इतिहास में आज के दिन ही शहजादा खुसरो ने सलीम के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। 1606 तक सलीम मुगल सम्राट बन चुका था और उसे जहांगीर के नाम से जाना जाता था। खुसरो जहांगीर का सबसे बड़ा बेटा था और उसने मुगल सल्तनत के खिलाफ बगावत की और पंजाब की ओर बढ़ा, लेकिन जहांगीर की सेना ने उसे पराजित कर पीछे धकेल दिया था।
6 अप्रैल को अन्य घटनाएं
- 1906 में पहली एनिमेटेड कार्टून फिल्म को कॉपीराइट मिला.
- 1917 में अमेरिका ने प्रथम विश्व युद्ध में जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की.
- 1919 में महात्मा गांधी ने रॉलेट एक्ट के विरोध में पहली अखिल भारतीय हड़ताल का आह्वान किया.
- 1925 में ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में पहली बार फिल्म दिखाई गई.
- 1930 मेंनमक सत्याग्रह के तहत गांधी जी को नमक कानून तोडऩे पर गिरफ्तार किया गया.
- 1936 में एम्स्टर्डम में पहली बार टेलेक्स सेवा की शुरुआत हुई.
- 1942 में जापानी विमानों ने भारत पर पहली बार बमबारी की.
- 1955 में अमेरिका ने परमाणु परीक्षण किया.
- 1957 में सोवियत संघ ने भी परमाणु परीक्षण किया.
- 1966 में मिहिर सेन ने पाक जलडमरूमध्य को तैरकर पार करने में सफलता पाई.
- 2020 में कोरोना वायरस से विश्व भर में मौतों का आंकड़ा 70 हजार पार हुआ, भारत में संक्रमितों की संख्या साढ़े चार हजार से ऊपर पहुंची।
- 2024 में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से तीन अंतरिक्ष यात्री—दो महिलाएं और एक पुरुष—सफल मिशन के बाद रूसी अंतरिक्ष कैप्सूल से कजाखस्तान लौटे।