उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में विपक्ष की बखिया उधेड़ी है। समाजवादी पार्टी के नेता के राणा सांगा वाले बयान पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये वही लोग हैं जो बाबर, औरंगजेब और जिन्ना का महिमामंडन करते हैं। देश, भारत की विरासत और भारत के महापुरुषों के प्रति इनके भाव क्या होंगे, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है। योगी ने कहा कि इन्हें पलटी मारने में देर नहीं लगेगी। ये लोग महाराणा प्रताप, राणा सांगा, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह के बारे में क्या जानते हैं? औरंगजेब और बाबर की पूजा करने वाले और जिन्ना को अपना आदर्श मानने वालों से इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती।
राहुल को फिर कहा नमूना
लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर योगी ने कहा कि इनका भारत जोड़ो भारत तोड़ो अभियान का हिस्सा है। अगर वे दक्षिण में जाएंगे, तो उत्तर भारत की निंदा करेंगे। उत्तर में आएंगे, तो दक्षिण की निंदा करेंगे। अगर वे भारत के बाहर जाएंगे, तो भारत की निंदा करेंगे। इनके आचरण को देश समझ चुका है। भारत की राजनीति में भाजपा के लिए राहुल गांधी जैसे कुछ नमूने जरूर रहने चाहिए जिससे एक रास्ता हमेशा के लिए साफ होता रहे।
मस्जिदों पर कब्जा करके क्या करेगी भाजपा?
वक्फ संशोधन विधेयक पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्जिदों पर कब्जा करके भाजपा क्या करेगी? वक्फ के नाम पर कितनी जमीन पर कब्जा करोगे? वे गुमराह कर रहे हैं। इन्होंने वक्फ के नाम पर एक भी कल्याणकारी काम नहीं किया? इन्होंने अपने निजी लाभ के लिए वक्फ संपत्तियों को बेचा है। आपको ये शक्ति किसने दी कि आप किसी की भी ज़मीन पर कब्जा कर लेंगे? किसी भी सार्वजनिक भूमि पर कब्ज़ा कर लेंगे। वक्फ संशोधन विधेयक आज की आवश्यकता है। ये देश और मुसलमानों दोनों के हित में होगा।”
महाकुंभ में क्या किसी महिला से हुई छेडड़ाड़
विपक्ष द्वारा राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए जाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज में 66 करोड़ लोग आए। .क्या आपने किसी श्रद्धालु को यह कहते सुना कि उसे लूट लिया गया है? क्या आपने किसी महिला को यह कहते सुना कि उसके साथ छेड़छाड़ की गई? क्या किसी व्यापारी ने कहा कि उसे पैसे देने के लिए मजबूर किया गया है? इससे बेहतर उदाहरण क्या हो सकता है?
संविधान का गला घोंटने का काम किया
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के संविधान पर दिए गए कथित बयान पर योगी ने कहा कि कर्नाटक सरकार द्वारा धर्म के आधार पर आरक्षण देने का फैसला बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान का अपमान है। 1976 में इन्होंने संविधान का गला घोंटने का काम किया। डी.के. शिवकुमार सिर्फ वही कह रहे हैं जो उन्हें कांग्रेस की विरासत से मिला है।
क्या वाकई खतरे में हैं मुसलमान
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के मुसलमान खतरे में हैं वाले बयान पर योगी ने कहा कि मुसलमान खतरे में नहीं हैं। इनकी वोट बैंक की राजनीति खतरे में है। जिस दिन भारतीय मुसलमान अपने पूर्वजों को समझ लेंगे, इन सभी को बोरिया-बिस्तर बांधकर भागना पड़ेगा। भारतीय मुसलमानों को याद रखना होगा कि वे तभी सुरक्षित हैं, जब हिंदू और हिंदू परंपरा सुरक्षित है। 1947 से पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश भारत का हिस्सा थे। हम उस सच्चाई को कैसे भूल सकते हैं? क्या पाकिस्तान में हमारी हिंगलाज माता का मंदिर नहीं है? क्या बांग्लादेश में माता ढाकेश्वरी का मंदिर नहीं है? उन्होंने कहा कि 100 हिंदू परिवारों के बीच रहने वाला एक मुस्लिम परिवार सुरक्षित है और उसे सभी धार्मिक कार्य करने की स्वतंत्रता है। लेकिन क्या 100 मुस्लिम परिवारों के बीच अगर 50 हिंदू परिवार भी रहते हैं, तो क्या वे सुरक्षित हो सकते हैं? नहीं रह सकते। बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान आपके सामने उदाहरण हैं। उत्तर प्रदेश में मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो वे भी सुरक्षित हैं। 2017 से पहले यूपी में दंगे होते थे, तो अगर हिंदुओं की दुकानें भी जलती थीं, तो मुसलमानों की दुकानें भी जलती थीं। 2017 के बाद दंगे बंद हो गए। अब अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो मुसलमान भी सुरक्षित हैं।
क्या इससे हिंदू घर अपवित्र हो जाता है?
संभल में मस्जिदों पर तिरपाल लगाने के बारे में पूछे जाने पर योगी ने कहा कि मुहर्रम में जुलूस निकलते हैं। क्या उनके झंडे की छाया किसी हिंदू घर या मंदिर के पास नहीं पड़ती? क्या इससे हिंदू घर अपवित्र हो जाता है? सख्त निर्देश हैं कि जो नहीं चाहता उस पर रंग न डाला जाए। क्या मुस्लिम लोग रंगीन कपड़े नहीं पहनते? फिर रंग से परहेज क्यों? ये दोहरा आचरण क्यों?
मथुरा की बात क्यों नहीं उठाऊं?
मथुरा मस्जिद विवाद पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मथुरा की बात क्यों नहीं उठाऊं? क्या मथुरा श्रीकृष्ण की जन्मभूमि नहीं है? हम कोर्ट के आदेश का पालन कर रहे हैं, वरना वहां बहुत कुछ हो गया होता। सनातन हिंदू धर्म के सभी महत्वपूर्ण स्थान हमारी विरासत के प्रतीक हैं।
54 तीर्थ स्थलों की पहचान हो गई है
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संभल में 54 तीर्थ स्थलों की पहचान हो गई है। जितने भी होंगे, सब ढूंढेंगे, सब निकालेंगे और दुनिया को बोलेंगे कि आकर देखें कि संभल में क्या हुआ था। संभल एक सच्चाई है। इस्लाम कहता है कि अगर आप हिंदू मंदिर या हिंदू घर को तोडक़र बनाई कोई भी इबादत ग्रह ख़ुदा को स्वीकार नहीं है।