More
    HomeHindi NewsBihar Newsलाठियां भांज रहा महालठबंधन, एक दूसरे की खाल खींच रहे, बेगूसराय में...

    लाठियां भांज रहा महालठबंधन, एक दूसरे की खाल खींच रहे, बेगूसराय में बोले PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेगूसराय में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बिहार के लिए NDA के विजन को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “हमने जंगलराज को सुशासन में बदला। अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है। मैं बिहार की समृद्धि के लिए आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूँ।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक ओर NDA है, जिसमें सूझबूझ से भरा नेतृत्व है, वहीं दूसरी ओर “लाठियां भांज रहा महालठबंधन” है।

    पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि महागठबंधन के नेता कैमरे पर कुछ भी बोलें, लेकिन पीठ पीछे एक दूसरे की खाल खींच रहे हैं। उन्होंने महागठबंधन को पांच तरह के दलों का समूह बताया— “अटक दल है, लटक दल है, भटक दल है, झटक दल है और पटक दल है।” उन्होंने इसे विरोधियों के बीच आंतरिक कलह और अस्थिरता का संकेत बताया।

    प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आपने हमेशा मोदी पर भरोसा किया है। नीतीश कुमार पर आशीर्वाद बरसाया है।” उन्होंने कहा कि जनता का यही विश्वास राज्य में विकास को एक नए दौर की तरफ ले जा रहा है।

    आज बिहार में 24 घंटे बिजली : दिलीप जायसवाल

    इस अवसर पर बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और NDA की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा: “आज बिहार में 24 घंटे बिजली रहती है।” उन्होंने शैक्षणिक विकास, युवाओं को रोजगार मिलने और महिला सशक्तिकरण होने का दावा किया। जायसवाल ने कहा कि आज देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर विश्वास करती है। उन्होंने राज्य में कानून का राज होने पर जोर दिया और विश्वास व्यक्त किया कि बिहार के लोग एक बार फिर NDA की सरकार बनाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष दोनों ने ही बिहार में विकास और सुशासन के मॉडल को आगे बढ़ाने और विपक्ष के ‘जंगलराज’ की यादों से जनता को दूर रखने पर ध्यान केंद्रित किया।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments