लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के लिए मतदान आज हो रहा है। देशभर के 21 राज्यों की 102 सीटों पर करीब 16.86 करोड़ मतदाता अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। इन सीटों के लिए एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच मुकाबला है। 7 चरणों में होने वाली वोटिंग की काउंटिंग 4 जून को होगी, जिसके बाद तय हो जाएगा कि देश में किस दल की सरकार बनेगी। आईए आपको बताते हैं कि 2019 के लोकसभा चुनाव में किस गठबंधन को कितनी सीटें मिली थीं।
2019 में यूपीए को मिली थी बढ़त
2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूपीए गठबंधन ने 102 में से 45 सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई थी। वहीं एनडीए को उस समय 41 सीटें ही मिल पाई थीं। दक्षिण भारत में एनडीए को ज्यादा सफलता नहीं मिली थी। हालांकि इस बार भाजपा को उम्मीद है कि उसे दक्षिण से निराशा हाथ नहीं लगेगी। भाजपा को तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में अच्छी सफलता मिलने की उम्मीद है। तमिलनाडु में इस बार डीएमके और कांग्रेस मिलकर चुनाव मैदान में हैं तो एआईडीएमके और भाजपा अकेले चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने कुछ छोटे दलों से समझौता किया है। पहले चरण में तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 39 सीटें हैं।
इन राज्यों में इतनी सीटों पर होगा मतदान
21 राज्यों में पहले चरण के लिए 102 सीटों पर मतदान हो रहा है। इन सीटों में महाराष्ट्र की 5, मध्यप्रदेश की 6, छत्तीसगढ़ की 1, अरुणाचाल प्रदेश की 2, असम की 5, बिहार की 4, मणिपुर-मेघायल की दो-दो और मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, सिक्किम, नगालैंड और पुडुचेरी की एक-एक सीट हैं। इसके अलावा सबसे ज्यादा सीटें तमिलनाडु की हैं, जिनमें 39 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। वहीं राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की 8, उत्तराखंड की 5 और पश्चिम बंगाल की 3 लोकसभा सीटों पर भी मतदाता अपना प्रतिनिधि चुन रहे हैं।