कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के मंत्री, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दिल्ली आ धमके हैं। उनके साथ कई विधायक भी हैं, जो दिल्ली के जंतर-मंतर में धरना दे रहे हैं। उनकी मांग है कि राज्य के लिए फंड जारी किया जाए। वहीं कर्नाटक के भाजपा सांसदों ने कर्नाटक सरकार द्वारा धन के दुरुपयोग को लेकर दिल्ली में संसद में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया है।
यह बोले कर्नाटक के नेता
दिल्ली में कर्नाटक कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि हमें उम्मीद है कि सरकार हमारा विरोध सुनेगी और हमारा मुख्य उद्देश्य राज्य और कन्नड़ लोगों के हितों की रक्षा करना है। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि हम अपना अधिकार मांग रहे हैं। हमें जो भी प्रतिशत मिलना चाहिए, उसका 13 प्रतिशत हमें मिल रहा है। अगर अन्य राज्यों को लाभ मिलता है तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है। जो नीतियां, योजनाएं उन्होंने (केंद्र) गुजरात को दी हैं, वही उन्हें हमें भी देनी चाहिए। कांग्रेस नेता सलीम अहमद ने कहा कि हमारे यहां सूखे की स्थिति है और 17,000 करोड़ की मांग भी की थी लेकिन 4 महीने हो चुके हैं केंद्र सरकार ने एक पैसा जारी नहीं किया। इसलिए हमारा आज यहां जंतर-मंतर पर धरना रखा गया है क्योंकि पिछले 4 साल कर्नाटक को जो पैसा मिलना था, वो दे नहीं रहे हैं।