More
    HomeHindi Newsबैडमिंटन कोर्ट से शुरू हुई प्रेम कहानी का The End.. सायना नेहवाल...

    बैडमिंटन कोर्ट से शुरू हुई प्रेम कहानी का The End.. सायना नेहवाल और पी कश्यप की राहें अब जुदा

    भारतीय बैडमिंटन स्टार और ओलंपिक पदक विजेता सायना नेहवाल ने अपने पति और पूर्व शटलर पारुपल्ली कश्यप से अलग होने की घोषणा की है। सायना ने रविवार, 13 जुलाई को देर रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा कर इस खबर की पुष्टि की, जिससे खेल जगत में हलचल मच गई है।

    सायना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “जिंदगी हमें कभी-कभी अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद, कश्यप पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और स्वस्थ जीवन चुन रहे हैं। मैं पुरानी यादों के लिए आभारी हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस समय हमारी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।”


    लगभग सात साल का रिश्ता हुआ समाप्त

    सायना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की प्रेम कहानी बैडमिंटन कोर्ट से शुरू हुई थी। दोनों ने हैदराबाद में पुलेला गोपीचंद अकादमी में एक साथ प्रशिक्षण लिया था, जहां उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। एक दशक से अधिक समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, उन्होंने 14 दिसंबर, 2018 को एक निजी समारोह में शादी कर ली थी। कश्यप ने 2016 के बाद सायना के कोच के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, खासकर तब जब सायना चोटों से जूझ रही थीं। उनकी पेशेवर साझेदारी ने भी कई लोगों को प्रेरित किया।


    दोनों का शानदार खेल करियर

    सायना नेहवाल भारत की सबसे सफल बैडमिंटन खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था और विश्व नंबर 1 रैंकिंग हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं। वहीं, पारुपल्ली कश्यप भी एक शीर्ष शटलर रहे हैं, जिन्होंने 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता और विश्व के शीर्ष 10 खिलाड़ियों में शामिल रहे।

    पारुपल्ली कश्यप ने 2024 की शुरुआत में पेशेवर बैडमिंटन से संन्यास ले लिया था और अब कोचिंग में सक्रिय हैं। सायना नेहवाल पिछले साल से खेल से ब्रेक पर हैं और सिंगापुर ओपन 2023 के बाद से उन्होंने कोई टूर्नामेंट नहीं खेला है। इस अलगाव की खबर ने उनके प्रशंसकों को सदमे में डाल दिया है, लेकिन दोनों ने शांति और आपसी सम्मान के साथ आगे बढ़ने की बात कही है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments