नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की नेसिंह दरबार में आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया। पूर्व मुख्य न्यायाधीश कार्की को शुक्रवार रात को अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद ही उन्होंने सिविल अस्पताल जाकर सरकार विरोधी प्रदर्शनों में घायल हुए लोगों से भी मुलाकात की।
मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी
पदभार संभालने के बाद अब प्रधानमंत्री कार्की मंत्रिमंडल के विस्तार पर गहन विचार-विमर्श कर रही हैं। खबरों के अनुसार, वह एक छोटा और सुव्यवस्थित मंत्रिमंडल बनाना चाहती हैं, जिसमें लगभग 15 मंत्री शामिल हो सकते हैं। उनके पास फिलहाल गृह, विदेश और रक्षा जैसे लगभग दो दर्जन मंत्रालय रहेंगे।
मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले संभावित नामों में कानूनी विशेषज्ञ ओम प्रकाश आर्यल, पूर्व सेना अधिकारी बालानंद शर्मा, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति आनंद मोहन भट्टाराई और ऊर्जा विशेषज्ञ कुलमन घीसिंग शामिल हैं। चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. भगवान कोइराला, डॉ. संदुक रुइत और डॉ. जगदीश अग्रवाल जैसे प्रमुख नामों पर भी विचार किया जा रहा है।
ऑनलाइन वोटिंग से चुने जा रहे हैं मंत्री
मंत्रियों के चयन के लिए ‘जेनरेशन जेड’ के सदस्य भी ऑनलाइन वोटिंग के जरिए समानांतर परामर्श कर रहे हैं। अगर इन नामों पर आम सहमति बन जाती है, तो मंत्रिमंडल का गठन रविवार शाम तक हो सकता है, हालांकि इसे सोमवार तक भी टाला जा सकता है।
नेपाल में सामान्य हो रहा जनजीवन
कई दिनों की अशांति के बाद नेपाल में अब धीरे-धीरे जनजीवन सामान्य हो रहा है। काठमांडू घाटी समेत देश के अन्य हिस्सों से कर्फ्यू और प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। दुकानें, शॉपिंग मॉल और सब्जी बाज़ार फिर से खुल गए हैं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी बढ़ गई है। सोमवार से स्कूलों में भी कक्षाएं फिर से शुरू हो जाएंगी। अधिकारियों ने देश में नए संसदीय चुनाव 5 मार्च 2026 को कराने का ऐलान किया है।