Tuesday, July 16, 2024
HomeHindi NewsBihar Newsसुपर संडे : मोदी-योगी, राजनाथ और शाह गरजे.. निशाने पर कांग्रेस और...

सुपर संडे : मोदी-योगी, राजनाथ और शाह गरजे.. निशाने पर कांग्रेस और विपक्षी दल

लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए आज का दिन सुपर संडे साबित हुआ। पीएम मोदी ने राजस्थान, राजनाथ ने पश्चिम बंगाल, अमित शाह ने बिहार तो योगी ने छत्तीसगढ़ में मोर्चा संभाला। इंडिया गठबंधन की भी रांची में रैली हो रही है, जिसमें बड़े नेता शामिल हुए हैं। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी अचानक बीमार हो गए जिससे उनके दो कार्यक्रम रद्द हो गए।

पतंग उडऩे से पहले ही कट गई : मोदी

राजस्थान के जालौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपने उदारतापूर्वक पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को राजस्थान से राज्यसभा में भेजा। वे काफी समय तक बीमार रहे लेकिन क्या आपने उन्हें राजस्थान में फिर से देखा? आज कांग्रेस की हालत है, उसकी गुनहगार वह खुद है। जिस पार्टी ने 400 सीट जीती थी, वह आज 300 सीट पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है। आज कांग्रेस को उम्मीदवार भी नहीं मिल पा रहे हैं। इंडिया गठबंधन की पतंग उडऩे से पहले ही कट गई है। गठबंधन वाले आपस में लड़ रहे हैं। मोदी ने कहा कि राजस्थान में 5 वर्ष तक जो कांग्रेस की सरकार थी, उसने पानी की योजना में भी घोटाला किया। हम हर घर पानी पहुंचाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस की कभी नीयत नहीं रही कि यहां के किसानों को यहां के लोगों को पानी मिले।

आतंकवादी कहीं भी विस्फोट कर देते थे : योगी

छत्तीसगढ़ के कोरबा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय लोग भूख से मरते थे। किसान आत्महत्या करता था तो नौजवान पलायन करता था और बेटी और व्यापारी असुरक्षित थे। आतंकवादी कहीं भी विस्फोट कर देते थे लेकिन आज तो यह स्थिति है कि कहीं पटाखा भी तेज़ से फटता है तो पाकिस्तान पहले ही सफाई दे देता है कि हमारा हाथ नहीं है। उसे मालूम है कि यह नया भारत है।

पिछड़ों की विरोधी है कांग्रेस : अमित शाह

बिहार के कटिहार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज लालू यादव और कांग्रेस पार्टी एक होकर हमारी पार्टी और नीतीश कुमार के खिलाफ चुनाव लड़ रही है। आज लालू यादव कांग्रेस के साथ बैठे हैं। मैं लालू यादव को कहना चाहता हूं कि इसी कांग्रेस ने पिछड़ा समाज का विरोध किया और पिछड़ा समाज के विरोधी कांग्रेस पार्टी के गोदी में लालू यादव और इनके बेटे बैठे हैं। भाजपा ने सबसे पहला ओबीसी प्रधानमंत्री, पिछड़ा वर्ग का प्रधानमंत्री, अति पिछड़ा वर्ग का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनाया है।

पश्चिम बंगाल में एक अराजकता का माहौल : राजनाथ

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अराजकता का माहौल है। देश में पश्चिम बंगाल अपने अपराध और सांप्रदायिकता के लिए जाना जा रहा है। यहां एक महिला मुख्यमंत्री के रहते संदेशखाली जैसी घटनाएं होती हैं। यहां ईडी-सीबीआई जांच के लिए आते हैं तो उनके ऊपर गुंडे हमले करते हैं। संदेशखाली की घटना से पूरी मानवता शर्मसार हुई है। पश्चिम बंगाल में जहां सुनिए वहीं घोटाला होता है। ममता दीदी आपके नाम में ही ममता है तो आपको जनता का दुख-दर्द क्यों नहीं दिखाई देता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments