उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी को समर्थन देने की घोषणा कर दी। अब यह तय हो गया कि समाजवादी पार्टी दिल्ली चुनाव में इंडिया गठबंधन के सहयोगी कांग्रेस पार्टी को समर्थन नहीं देगी। उनके इस कदम से कांग्रेस तिलमिला गई है। दरअसल उप्र में पिछले 9 विधानसभा उपचुनाव और अब मिल्कीपुर में हो रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने सपा का समर्थन किया है और अपने कैंडीडेट नहीं उतारे हैं। इसके बाद भी सपा ने कांग्रेस से दूरी बना ली जिससे उसकी चिंता बढ़ गई है।
सपा नहीं लड़ेगी दिल्ली चुनाव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। उनके समर्थन पर आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आभार जताया है। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बहुत बहुत शुक्रिया अखिलेश जी। आपका हमेशा हमें सपोर्ट और साथ रहता है। इसके लिए मैं और दिल्ली की जनता आपकी आभारी है।
जो भाजपा को हराएगा हम उनके साथ
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि जो भाजपा को हराएगा, सपा उसका साथ देगी। सपा अध्यक्ष ने साफ किया कि दिल्ली में कांग्रेस के पास मजबूत संगठन नहीं है। ऐसे में हमारा दल आप को समर्थन देगा। मैं आम आदमी पार्टी के साथ मंच शेयर करूंगा। दिल्ली में भाजपा को आप ही हरा पाएगी। ऐसे में जो भाजपा को हराएगा, सपा उसके साथ है।
अजय राय ने दिया जवाब
उप्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दिल्ली में हमेशा से मजबूत रही है। दिल्ली में शीला दीक्षित के ही काम हैं जो आज तक दिख रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने कोई काम नहीं किया और केवल लोगों को ठगने का और लोगों को बेवकूफ बनाने का काम किया है। कांग्रेस ही एक पार्टी है जो पूरे देश में भाजपा को हटा सकती है। मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि लोग कांग्रेस की मदद करें और कांग्रेस के साथ जुड़ें।


