पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने न्यायमूर्ति शील नागू को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। शील नागू मप्र हाई कोर्ट में भी कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं। हाल ही में उन्हें पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।
हरियाणा के सीएम ने दी बधाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि पंजाब राजभवन में आयोजित पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के नव नियुक्त चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति शील नागू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुआ। जस्टिस नागू का नव दायित्व के लिए अभिनंदन और आपके नेतृत्व में एक लोक कल्याणकारी न्याय व्यवस्था की अपेक्षा हम सभी हरियाणावासियों को है।
ग्वालियर पीठ में प्रशासनिक न्यायाधीश भी रह चुके
जस्टिस नागू का जन्म एक जनवरी 1965 को हुआ है। 27 मई 2011 को उन्हें मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। वे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर पीठ में प्रशासनिक न्यायाधीश भी रह चुके हैं। इससे पूर्व चीफ जस्टिस रवि शंकर झा भी मध्य प्रदेश से ही थे।