बॉलीवुड के अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें वॉट्सऐप के ज़रिए वर्ली ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के आधिकारिक नंबर पर भेजी गई है। इस मैसेज में सलमान खान को उनके घर पर ही जान से मारने दी गई है। साथ ही उनकी गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई है। वर्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस आगे की जांच कर रही है। इससे पहले कई बार सलमान को धमकी मिल चुकी है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गुर्गों ने कई बार उन्हें धमकाया और हमला भी करवाया।
घर पर चलवाई थीं गोलियां
सलमान खान को मिली इस धमकी के बाद वर्ली पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पहली बार नहीं है जब सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से धमकियां मिल चुकी हैं। पिछले साल अप्रैल में दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलियां चलाई थीं। धमकियों के मद्देनजर सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्हें वाई+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। उनके घर पर बुलेटप्रूफ कांच लगाए गए हैं और वे बुलेटप्रूफ वाहन में चलते हैं। शूटिंग पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बहरहाल पुलिस वॉट्सएप पर धमकी देने वाले को तलाश रही है।