भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा इस समय आईपीएल में आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं। रोहित लगातार बड़ी पारी खेलने में नाकाम हो रहे हैं। हालांकि िउनका क्रिकेट ब्रेन मुंबई इंडियंस के लिए संजीवनी का काम कर रहा है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को हारा हुआ मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई। रोहित ने डगआउट से बैठकर एक सलाह दी, जो एमआई के काम आई और टीम 12 रन से मैच जीतने में सफल रही। दरअसल दिल्ली कैपिटल्स की पारी के दौरान रोहित शर्मा हेड कोच महेला जयवर्धने और बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे से बात करते हुए नजर आए। उस वक्त दिल्ली की पकड़ मैच पर ज्यादा थी। वहां से मैच आसानी से दिल्ली कैपिटल्स की झोली में जा सकता था। लेकिन रोहित ने डगआउट में बैठे-बैठे सलाह दी कि नई गेंद लेनी चाहिए और दोनों साइड से स्पिनर्स को लगाना चाहिए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मैच का पांसा ही पलट गया
रोहित शर्मा की इस सलाह को टीम ने सुना और मैच का पूरा रुख पलट गया। 3 ओवर मुंबई इंडियंस ने स्पिनर्स कर्ण शर्मा और मिचेल सेंटनर से करवाए। इस दौरान सिर्फ 19 रन खर्च हुए और कर्ण शर्मा ने ट्रिस्टन स्टब्स और केएल राहुल को भी आउट किया। दिल्ली पर दबाव बनना शुरू हो गया और दिल्ली के बल्लेबाज फिरकी में फंस गए। जब ट्रिस्टन स्टब्स आउट हुए तो डगआउट में बैठे पारस म्हाम्ब्रे रोहित शर्मा को उनके फैसले के लिए सराहते हुए नजर आए थे।
मुंबई ने जीता सीजन का दूसरा मैच, दिल्ली की पहली हार
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन इतना खास नहीं रहा है। यह छठे मैच में टीम की सिर्फ दूसरी ही जीत थी। वहीं अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स को अपनी पहली हार का सामना मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने घर में करना पड़ा। इससे पहले टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया था।