प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिटायरमेंट को लेकर अरविंद केजरीवाल के बयान पर सियासत जारी है। अब आरजेडी ने भी सवाल खड़े किए हैं। आरजेडी नेता मनोज झा ने अमित शाह के बयान पर कहा कि जिस दल में व्यक्ति दल से बड़ा हो जाए, वहां ऐसा होता है। लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी रिटायर करा दिए गए, लेकिन प्रधानमंत्री नहीं रिटायर होंगे क्योंकि यहां व्यक्ति दल से बड़ा है। अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा था कि योगी आदित्यनाथ को 2 महीने में हटा दिया जाएगा लेकिन इसका किसी ने खंडन नहीं किया मतलब प्लान पक्का है। अगर अरविंद केजरीवाल की एक बात का खंडन किया जा रहा है तो दूसरी बात का क्यों नहीं?
मोदी के सवाल पर दी जा रही सफाई
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि 75 वर्ष के बाद मार्गदर्शक मंडल में डाले जाने का नियम किसने बनाया था? लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी समेत तमाम नेताओं को यही कहकर मार्गदर्शक मंडल में डाल दिया गया था। अब जब पीएम मोदी के 75 वर्ष के बाद मार्गदर्शक मंडल में जाने पर कहा गया तो सफाई दी जा रही है। जैसे शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, रमन सिंह को दरकिनार किया गया, वैसे ही योगी आदित्यनाथ को भी किया जाएगा।
शाह और साय ने कहा-भ्रम मत फैलाओ
केजरीवाल के बयान पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि इंडी गठबंधन को पता है कि हम 400 पार करने जा रहे हैं और मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। इसलिए इस तरह की भ्रांतियां फैला रहे हैं। मैं जनता के सामने स्पष्ट करना चाहता हूं कि भाजपा के संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। नरेंद्र मोदी ही 2029 तक नेतृत्व करेंगे और नरेंद्र मोदी ही आने वाले चुनाव का भी नेतृत्व करेंगे। इंडी गठबंधन को ज्यादा परिश्रम करना चाहिए, भ्रष्टाचार बंद करना चाहिए। इस प्रकार के झूठे भ्रम फैलाकर वे चुनाव नहीं जीत सकते। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वो लोग पहले अपना घर देख लें। हम लोगों का घर मजबूत है, हम लोगों की चिंता बिल्कुल ना करें।