बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए महज 6 महीने का समय ही बाकी रह गया है। ऐसे में सभी दल अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसे में धनबल और बाहुबल का प्रयोग न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। कुछ ऐसा ही नजारा बिहार के बक्सर जिले के ब्रह्मपुर में देखने को मिला। यहां से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक शंभूनाथ यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में विधायक यादव एक साड़ी वितरण कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
साडिय़ां मार रहे विधायक
ब्रह्मपुर में तेजस्वी यादव के एक कार्यक्रम के दौरान विधायक शंभूनाथ यादव महिलाओं को साडिय़ां बांट रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं साड़ी लेने के लिए जमा हुई थीं। वीडियो में दिख रहा है कि विधायक गुस्से में महिलाओं के सिर पर साडिय़ां मार रहे हैं और उन्हें धक्का दे रहे हैं। इस घटना के बाद कार्यक्रम में भगदड़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी, जिसमें कुछ महिलाएं एक-दूसरे पर गिर पड़ीं।
महिलाओं का अपमान बताया
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विधायक शंभूनाथ यादव की काफी आलोचना हो रही है। विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर विधायक पर निशाना साधा है और इसे महिलाओं का अपमान बताया है। वहीं विधायक शंभूनाथ यादव ने इन आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम उनके पोते के जन्म के उपलक्ष्य में गरीब महिलाओं के लिए आयोजित किया गया था और उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था। वहीं यह घटना बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है और विधायक के व्यवहार पर सवाल उठाए जा रहे हैं।