लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के हाई वोल्टेज मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 1 विकेट से आखिरी ओवर में हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान दो वाक्ये ऐसे हुए जिन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा। दरअसल आखिरी लम्हों में मैच काफी रोमांचक हो गया था। दोनों टीमों पर दबाव था। इस बीच भारतीय टीममेट्स ऋषभ पंत और कुलदीप यादव तनाव में दिखे। दोनों की एक फोटो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है, जिसमें पंत कुलदीप को धक्का देते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, 18वां ओवर लखनऊ की तरफ से रवि बिश्नोई डाल रहे थे। ओवर की दूसरी गेंद पर कुलदीप यादव बीट हो गए। गेंद विकेटकीपर और लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत के पास गई, जिन्होंने स्टंप पर बॉल को मारने की कोशिश की। तभी कुलदीप अपना संतुलन खो बैठे, हालांकि उन्होंने खुद को क्रीज के अंदर ही रखा। पंत ने मजाक में उन्हें क्रीज से बाहर धकेल दिया और बेल्स उड़ा दी। दोनों के बीच हुई यह मजेदार घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
फिर भडक़ उठे संजीव गोयनका
लखनऊ सुपर जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक विकेट से हार के बाद फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत से बीच मैदान में आकर बातचीत की। मैच लखनऊ के हाथ में था, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के विस्फोटक खिलाड़ी आशुतोष शर्मा ने खेल कर दिया। लखनऊ की इस हार के बाद फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका कप्तान ऋषभ पंत के साथ मैदान पर नजर आए। सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही है, जिसमें गोयनका ऋषभ पंत से बात करते हुए नजर आ रहे हैं। कोच जस्टिन लैंगर को भी वहां देखा गया। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि संजीव टीम के प्रदर्शन से ज्यादा खुश नहीं थे। आईपीएल 2025 के ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को खरीदने के लिए 27 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
ऐसा रहा मैच का हाल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। एलएसजी ने निकोलस पूरन (75) और मिचेल मार्श (72) की तूफानी पारियों के चलते दिल्ली कैपिटल्स को 210 रन का टारगेट दिया। खराब शुरुआत के बाद भी दिल्ली इस मैच को अपने नाम करने में सफल रही। आशुतोष शर्मा (नाबाद 66) ने आखिरी ओवर में छक्का लगाकर दिल्ली कैपिटल्स को 3 गेंद और एक विकेट रहते मैच जिताया।