रायपुर में रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। वहीं चंडीगढ़ में गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। झारखंड के राज्यपाल नियुक्त होने पर संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि मुझे लगता है कि यह राज्य देश में अपनी एक अलग पहचान बनाएगा और तरक्की, प्रगति में अपने मापदंड स्थापित करेगा। मुझे लगता है कि यह एक अच्छा क्षेत्र है। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि मुझे छत्तीसगढ़ का राज्यपाल बनकर बहुत खुशी हो रही है। मैं देखूंगा कि छत्तीसगढ़ एक विकासशील राज्य के रूप में आगे बढ़े और विकसित राज्य बने।
रमेन डेका ने राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल के रूप में अपने पद की शपथ ली। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने उन्हें शपथ दिलाई। राज्यपाल डेका ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी उपस्थित रहीं। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिवादन किया और शुभकामनाएं दी। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने रमेन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त करने के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा जारी वारंट ऑफ अपॉइंटमेंट पढ़ा। शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ और समापन सेरेमोनियल पुलिस बैंड द्वारा बजाए गए राष्ट्रगान के साथ हुआ। राज्य गीत की धुन भी बजाई गई।
शपथ ग्रहण के उपरांत राज्यपाल रमेन डेका को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी, वन एवं जलवायु परिवर्तन केदार कश्यप, वाणिज्य और उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व, खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा, महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूूपेश बघेल, सहित अन्य विधायक उपस्थित थे। समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के आयुक्त एन.के. शुक्ला, आलोक चंद्रवशी, छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक सहित अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।